15 दिन में पेयजल की कमी होगी दूर, जलभराव रोकने के अतरिंम उपाय करने के प्रधान सचिव ने दिए निर्देश

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 15 Jul, 2026 08:45 PM

principal advisor haryana take meeting with gurgaon officials and gave direction

जिला स्तरीय समन्वय समिति की 11वीं बैठक बुधवार को लघु सचिवालय में हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

गुड़गांव, (ब्यूरो): जिला स्तरीय समन्वय समिति की 11वीं बैठक बुधवार को लघु सचिवालय में हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के प्रमुख विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया, डीसी उत्तम सिंह, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, मानेसर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के साथ-साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

चंदू बुढ़ेड़ा जल शोधन संयंत्र की नई यूनिट जल्द होगी शुरू, बढ़ेगी पेयजल आपूर्ति क्षमता

बैठक में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने चंदू बुढ़ेड़ा जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 100 एमएलडी क्षमता वाली यूनिट-5 का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों के भीतर यूनिट का ट्रायल रन शुरू किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद यूनिट को नियमित संचालन में लाया जाएगा, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यूनिट-5 के शुरू होने के बाद जीएमडीए की कुल पेयजल आपूर्ति क्षमता 670 से बढ़कर 770 एमएलडी हो जाएगी। इससे गुरुग्राम की बढ़ती आबादी और नए विकसित हो रहे क्षेत्रों की जल आवश्यकता को पूरा करने में मदद मिलेगी।

 

पीसी मीणा ने बताया कि ग्वाल पहाड़ी में निर्माणाधीन वाटर बूस्टिंग स्टेशन का कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे अगले छह माह के भीतर पूरा कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूस्टिंग स्टेशन के चालू होने के बाद ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र के निवासियों को नियमित रूप से नहरी पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और भविष्य में बढ़ती आबादी की जल आवश्यकताओं की पूर्ति भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

बैठक में सेक्टर-72 स्थित वाटर बूस्टिंग स्टेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है तथा लीकेज की मरम्मत का कार्य अल्मेडा चौक तक पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य पूरा होने के बाद परीक्षण कर जल्द ही जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि सभी तकनीकी बाधाओं का शीघ्र स्थायी समाधान कर परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि संबंधित क्षेत्रों में जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

 

सेक्टर-81 से 115 तक मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन परियोजना में शेष कार्य जल्द पूरा करें

बैठक में सेक्टर-81 से 115 तक प्रस्तावित मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क के कुछ हिस्सों का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कई स्थानों पर अब भी नेटवर्क के आपसी कनेक्शन शेष हैं। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि कुछ तकनीकी एवं भौतिक बाधाओं के कारण ड्रेनेज प्रणाली का पूर्ण रूप से संचालन अभी शुरू नहीं हो पाया है। साथ ही यह भी बताया गया कि नेटवर्क का एक हिस्सा जीएमडीए को हस्तांतरित किया जा चुका है और उसका उपयोग भी किया जा रहा है।

 

प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़ी सभी तकनीकी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करते हुए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क को शीघ्र पूर्ण रूप से चालू किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी नेटवर्क के कनेक्शन अधूरे हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त निरीक्षण कर सभी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्टॉर्म वाटर नेटवर्क का दुरुपयोग कर उसमें सीवरेज का पानी न छोड़ा जाए और इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए।

 

खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए

बैठक में खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नई साइट के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दिया गया है तथा इस विषय में विभिन्न पक्षों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। समीक्षा के दौरान नई प्रस्तावित साइट, उसके अंतिम चयन तथा स्थानीय ग्रामीणों के सुझावों एवं आवश्यक औपचारिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टोल प्लाजा के स्थानांतरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नई साइट पर आवश्यक तैयारियां एवं अन्य औपचारिक कार्य बिना किसी अनावश्यक विलंब के शुरू किए जाएं। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से समन्वय स्थापित करते हुए उनकी जायज चिंताओं का समाधान किया जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे बढ़ सके।

 

Omax मॉल से Airia मॉल तक जलभराव रोकने के लिए तत्काल अंतरिम व्यवस्था सुनिश्चित करें

बैठक में ओमैक्स मॉल से आइरिया मॉल तक सोहना रोड की सर्विस लेन पर वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में प्राकृतिक ढाल (ग्रेडिएंट) अनुकूल नहीं होने तथा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क की पूर्ण कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण वर्षा का पानी तेजी से नहीं निकल पाता। समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि दीर्घकालिक समाधान के तहत सड़क के ग्रेडिएंट में सुधार और ड्रेनेज नेटवर्क को पूर्ण रूप से जोड़ने का कार्य किया जाएगा, जबकि वर्तमान मानसून के दौरान पानी की निकासी के लिए अतिरिक्त पंपों एवं मशीनरी की आवश्यकता होगी।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि 15 जुलाई से 15 सितंबर तक के मानसून को देखते हुए इस स्थान पर जलभराव रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से अंतरिम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने, आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पंप एवं मशीनरी तैनात करने तथा संबंधित क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा

बैठक में म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। ढेसी ने सड़कों को यातायात के लिए सुगम बनाने को कहा । उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!