अवैध कचरा डंपिंग को हटवाने पहुंची MCG की संयुक्त आयुक्त, कार्रवाई के भी दिए निर्देश

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 09 Jul, 2026 10:03 PM

mcg joint commissioner arrives to oversee removal of illegally dumped waste

नगर निगम गुरुग्राम की संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने सेक्टर-36ए स्थित क्रिसुमी ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के आसपास अवैध रूप से कचरा डाले जाने वाले स्थल का निरीक्षण किया।

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम की संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने सेक्टर-36ए स्थित क्रिसुमी ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट के आसपास अवैध रूप से कचरा डाले जाने वाले स्थल का निरीक्षण किया। स्वच्छता अधिकारियों को वहां पर जमा कचरे को तत्काल हटाने, कार्रवाई का फोटोग्राफिक रिकॉर्ड रखने, उल्लंघनकर्ताओं की पहचान करने और नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कार्य को अत्यंत आवश्यक मानते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।


संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने मौके पर पहुंचकर अवैध डंपिंग स्थल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थल पर पड़े कचरे को पूरी तरह हटाकर निर्धारित डिस्पोजल साइट तक पहुंचाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में यहां दोबारा अवैध रूप से कचरा न डाला जाए। उन्होंने कहा कि केवल कचरा उठाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी भी आवश्यक है। फील्ड टीमों को अवैध डंपिंग करने वाले वाहनों और व्यक्तियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में होने वाला खर्च संबंधित व्यक्तियों से वसूल किया जाएगा और यह राशि उसकी प्रॉपर्टी आईडी में शामिल की जाएगी।
 

नगर निगम द्वारा कचरा उठान कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए पर्याप्त वाहनों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार, सेक्टर-36ए में अवैध रूप से जमा म्युनिसिपल वेस्ट को उठाकर निर्धारित डिस्पोजल साइट तक पहुंचाया जाना है तथा संबंधित सैनिटरी इंस्पेक्टर के साथ समन्वय में कार्रवाई पूरी की जानी है। संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने कहा कि सार्वजनिक एवं खुले स्थानों पर कचरा डालने से न केवल शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि आसपास के निवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में नगर निगम द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता टीमों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और किसी भी स्थान पर अवैध डंपिंग की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही उल्लंघनकर्ताओं की पहचान कर उनके विरुद्ध लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाए। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई अभियान के साथ-साथ प्रवर्तन कार्रवाई को भी मजबूत किया जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!