Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 13 Jul, 2026 12:36 PM
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम गुरुग्राम ने सोमवार से "स्वच्छता ही स्वागत अभियान" की शुरुआत कर दी है। यह विशेष अभियान 13 जुलाई से 19 जुलाई...
गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम गुरुग्राम ने सोमवार से "स्वच्छता ही स्वागत अभियान" की शुरुआत कर दी है। यह विशेष अभियान 13 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक पूरे नगर निगम क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सोमवार सुबह शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी नगर निकायों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम गुरुग्राम ने भी पूरे निगम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर दिया है।
एक सप्ताह तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
अभियान के तहत पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाकर गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) को समाप्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख सड़कों, ग्रीन बेल्ट, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक क्षेत्रों की व्यापक सफाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम की स्वच्छता टीमें प्रत्येक जोन में विशेष अभियान चलाकर कूड़ा एवं मलबा हटाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगी।
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलेगा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान
अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रवर्तन करना नहीं, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
जनभागीदारी से बनेगा अभियान सफल
"स्वच्छता ही स्वागत अभियान" को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए नगर निगम द्वारा निगम पार्षदों, वार्ड कमेटी सदस्यों, कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियां तथा स्थानीय स्तर पर सफाई अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें सहभागी बन सकें।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान
अभियान के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ वार्ड को नगर निगम स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा सर्वश्रेष्ठ नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिका का भी चयन कर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इससे सभी निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और स्वच्छता कार्यों में और अधिक गति आएगी।
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना उद्देश्य : निगमायुक्त
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छता ही स्वागत अभियान का उद्देश्य केवल एक सप्ताह तक सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। नगर निगम की टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं, लेकिन शहर को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। हम सभी को मिलकर गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स समाप्त करने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने का संकल्प लेना होगा। जनसहयोग से ही गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और स्वागत योग्य शहर बनाया जा सकता है।