Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Jul, 2026 09:46 AM

मंगलवार को जिले में हुई बारिश और जलभराव के बाद स्थिति विकराल रूप धारण कर गई। ऐसे में गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सलाह दी है कि वह वर्क फ्रॉम होम करें।
गुड़गांव,(ब्यूरो): मंगलवार को जिले में हुई बारिश और जलभराव के बाद स्थिति विकराल रूप धारण कर गई। ऐसे में गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सलाह दी है कि वह वर्क फ्रॉम होम करें। पुलिस ने कॉरपोरेट्स और प्राइवेट कंपनियों से अपील की है कि वह कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दें ताकि लोगों को मानसून के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत न हो।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि लगातार हो रही और आगामी भारी वर्षा को देखते हुए, शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और आने वाले समय में और अधिक बारिश होने पर भी स्थिति खराब होने की प्रबल संभावना है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनावश्यक यातायात के दबाव को कम करने और सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए, गुड़गांव पुलिस यह सावधानी परामर्श (Cautionary Advisory) जारी करती है।

पुलिस ने कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से पुरजोर आग्रह करते हैं कि वे अगले कुछ दिनों के लिए अपने कर्मचारियों को 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम करने) की सुविधा प्रदान करें।अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से हमारे ट्रैफिक प्रबंधन दलों को यातायात सुचारू रखने और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रूप से चालू रखने में बहुत मदद मिलेगी। आपको बता दें कि मंगलवार को हुई बारिश ने जहां शहर की सड़कों को जलमग्न कर दिया वहीं, पूरे जिले में जाम भी लग गया। वाहन चालकों को घंटो तक जाम से जूझना पड़ा। वहीं, दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने के कारण ट्रैफिक रूट डायवर्ट करना पड़ा था। वहीं, पानी में कई गाड़ियां खराब होने तथा गड्ढों में फंसने के कारण भी स्थिति ने विकराल रूप धारण कर लिया था। देर रात तक लोग जाम में ही फंसे रहे जिसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।