Edited By Krishan Rana, Updated: 07 Jul, 2026 05:16 PM

हरियाणा के फतेहाबाद से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां से पढ़ाई के लिए कनाडा गए शहर के लाजपत नगर निवासी
फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां से पढ़ाई के लिए कनाडा गए शहर के लाजपत नगर निवासी 22 वर्षीय छात्र कमल की नाव दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा 3 जुलाई को कनाडा के ओंटारियो प्रांत में हुआ। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार परिजन अब उसके पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए सरकारी मदद की गुहार लगा रहे हैं। परिजनों ने कांग्रेस नेताओं से फरियाद की है। मामले को लेकर सांसद कुमारी सैलजा ने विदेश मंत्री से मामले में बात की है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक कमल दिसंबर 2023 में उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था और ओंटारियो में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 3 जुलाई को समुंद्र में नाव चलाते समय दुर्घटना में मौत हो गई। बेटे के शव को कनाडा से लाने के लिए आर्थिक खर्च और कानूनी प्रक्रिया में दिक्कतें आ रही है।
मृतक के पिता राकेश कुमार शहर में ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं। उनके परिवार में एक छोटा भाई, जबकि दो बड़ी बहनें भी हैं। बेटे की असमय मौत से माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल परिजन सरकारी मदद और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कमल के पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)