Edited By Isha, Updated: 07 May, 2026 08:32 AM

एक मई को युवक की मानव खोपड़ी मिलने के बाद गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के पास मंगलवार शाम को खेतों में शव का बाकी हिस्सा भी कंकाल के रूप में मिल गया है। सदर थाना पहुंची पुलिस ने कंकाल के पास मिली
फतेहाबाद: एक मई को युवक की मानव खोपड़ी मिलने के बाद गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के पास मंगलवार शाम को खेतों में शव का बाकी हिस्सा भी कंकाल के रूप में मिल गया है। सदर थाना पहुंची पुलिस ने कंकाल के पास मिली पैंट, जूतों और खोपड़ी के दांत व अन्य हिस्सों से उसकी पहचान गांव अहरवां निवासी विरसा सिंह (21) के रूप में की है।
पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर फिलहाल इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा भेज दिया है। गांव अहरवां निवासी गुरसेवक ने गांव के ही एक युवक पर नशे के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
गुरसेवक ने बताया कि उसका भाई विरसा 18 अप्रैल को घर से दुकान पर सामान लेने के लिए गया था लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। विरसा के लापता होने की उन्होंने 19 अप्रैल को सदर थाने में शिकायत भी दी थी। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर पुलिस को मिली इंसानी खोपड़ी नाम से एक पोस्ट देखी तो वे मंगलवार को पुलिस चौकी पहुंचे। यहां पर उन्होंने खोपड़ी को देखकर उसकी पहचान अपने भाई विरसा के रूप में की।
पुलिस को पिछले दिनों जो मानव खोपड़ी मिली थी उसकी पहचान हो गई है। अब बाकी का जो हिस्सा मिला है उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। परिवार के बयान पर कार्रवाई की जा रही है। अभी पता लगाया जा रहा है कि चौकी से कितनी दूरी पर कंकाल मिला है।
गुरसेवक के अनुसार खोपड़ी के दांतों और कानों में पहनी बालियों से उसकी पहचान हुई। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर ही शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश की। उन्हें गुरुनानकपुरा के साथ स्थित खेतों में अलग-अलग जगहों पर शरीर का बाकी कंकाल मिला। कंकाल के पास ही पैंट और जूते मिले जो भाई ने डाल रखे थे। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है।