हरियाणा में 1.06 लाख Voters को जारी होंगे नोटिस, जानिए क्या है बड़ी वजह

Edited By Harman, Updated: 04 Aug, 2026 01:39 PM

notices to be issued to 1 06 lakh voters in haryana

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में फतेहाबाद ने पूरे हरियाणा में पहला स्थान हासिल किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आज लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में...

फतेहाबाद (रमेश भट्ट) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में फतेहाबाद ने पूरे हरियाणा में पहला स्थान हासिल किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने आज लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि अब अभियान के दूसरे चरण के तहत जिले के 1 लाख 6 हजार 630 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर सत्यापन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

डीसी ने बताया कि 31 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिन मतदाताओं को नोटिस मिलेगा, वे 30 अगस्त तक निर्धारित दस्तावेज जमा कर सकेंगे। दावे और आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस केवल उन्हीं मतदाताओं को भेजे जाएंगे, जिनकी एसआईआर के दौरान मैपिंग में त्रुटि पाई गई है या जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

डीसी के अनुसार, नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। इनमें राज्य सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि या मकान आवंटन प्रमाण-पत्र सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं। एसआईआर अभियान के दौरान जिले के 50 हजार 568 मतदाता एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। इनमें फतेहाबाद विधानसभा के 20,796, रतिया के 17,863 और टोहाना के 11,909 मतदाता शामिल हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में 59 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब मतदान केंद्रों की संख्या 708 से बढ़कर 767 हो गई है और प्रत्येक केंद्र पर लगभग 1200 मतदाताओं की व्यवस्था की गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 59 हजार 694 मतदाता हैं। इनमें 3,48,669 पुरुष, 3,10,010 महिलाएं तथा 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार फतेहाबाद में 2,35,739, टोहाना में 2,16,404 और रतिया में 2,07,551 मतदाता दर्ज हैं। डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नागरिक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। प्रेस वार्ता के अंत में डीसी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, बीएलए और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से फतेहाबाद ने एसआईआर अभियान में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!