Edited By Isha, Updated: 23 Aug, 2026 10:52 AM

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के अंतर्गत कोसली थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 5 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला
कोसली(महेन्दर भारती): हरियाणा के रेवाड़ी जिले के अंतर्गत कोसली थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 5 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला अपने ही पार्टनर के नाबालिग बेटे को नशीली दवाइयां देकर उसका यौन शोषण कर रही थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित बेटे ने पूरी घटना की वीडियो बनाकर अपने पिता को दिखाई।
बेटे ने वीडियो बनाकर पिता को दिखाई सच्चाई
पीड़ित नाबालिग के पिता ने कोसली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी महिला पिछले 5 सालों से उनके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि महिला नाबालिग को नशीली गोलियां या नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ अश्लील हरकतें और यौन शोषण करती थी। शुरुआत में जब बेटे ने पिता को यह बात बताई तो उन्हें यकीन नहीं हुआ। इसके बाद बेटे ने हिम्मत दिखाकर पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और अपने पिता को दिखाया। सबूत देखते ही पिता के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत गांव के सरपंच को इसकी जानकारी दी।
साथी को नींद की गोली दे नकदी व जेवर समेट कर हुई फरार
ग्राम पंचायत में मामले पर चर्चा होने और पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी महिला ने रात में योजना बनाई। आरोप है कि महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर को खाने या पानी में नींद की गोलियां दे दीं और देर रात घर में रखी नकदी तथा सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गई।
आरोपी महिला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पीड़िता के पिता के अनुसार, महिला पहले भी कई लोगों पर दुष्कर्म के झूठे केस दर्ज करा चुकी है। वर्ष 2020 में भी उसने शिकायतकर्ता के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद समझौते के नाम पर पैसे लिए गए थे।