पंचकूला पुलिस की बड़ी सफलता, 48 घंटे में अपहरण-लूटकांड के 2 बदमाश दबोचे, रोहित गोधारा गैंग लिंक आया सामने

Edited By Krishan Rana, Updated: 17 Jun, 2026 04:59 PM

panchkula police s major success two kidnapping and robbery suspects arrested w

पंचकूला पुलिस ने एचएमटी पिंजौर क्षेत्र में युवक के अपहरण और लूटपाट के मामले में बड़ी कामयाबी

पंचकूला (उमंग) : पंचकूला पुलिस ने एचएमटी पिंजौर क्षेत्र में युवक के अपहरण और लूटपाट के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस केस को महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का संबंध कुख्यात रोहित गोधारा गैंग से है और वह हथियार सप्लाई करने का काम करता रहा है।

डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि एचएमटी पिंजौर निवासी एक युवक ने शिकायत दी थी कि 15 जून की शाम वह स्कूटी से घर लौट रहा था। गौरी शंकर मंदिर के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार चार युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोका और चाकू दिखाकर जबरन गाड़ी में बैठा लिया। 

आरोपी उसे विभिन्न स्थानों पर घुमाते रहे और उसकी जेब से 12 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन माध्यम से भी पैसे निकलवा लिए। कई घंटे बाद उसे बरवाला अनाज मंडी के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे।घटना के बाद थाना पिंजौर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई शुरू की। 

PunjabKesari

16 जून को क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने दो आरोपियों वीरेन और आशीष, दोनों निवासी चरखी दादरी, को गिरफ्तार कर लिया था।पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली कि मामले के दो अन्य फरार आरोपी बरवाला के अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में छिपे हुए हैं। 

क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की दो गोलियां पुलिसकर्मियों की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें दोनों आरोपियों के घुटनों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।

बता दें कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश कुमार निवासी भिवानी और दीपेश कुमार निवासी चरखी दादरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दीपेश के खिलाफ पहले से अपहरण और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जबकि योगेश पर संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। 

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि योगेश का संबंध रोहित गोधारा गैंग से है और वह हथियार सप्लाई करने का काम करता रहा है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। 

जांच में यह भी पता चला है कि चारों आरोपी छात्र हैं और स्कॉर्पियो वाहन उन्होंने अपने एक परिचित से किराये पर लिया था।डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि घायल दोनों आरोपियों का इलाज चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। वहीं पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!