हरियाणा में आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की पढ़ाई को मिलेगा बढ़ावा, पंचकूला के राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में 14 पीजी पाठ्यक्रमों की मंजूरी, 70 सीटों पर सत्र 2026-27 से दाखिले

Edited By Harman, Updated: 14 Oct, 2026 06:33 PM

approval granted for 14 pg courses at national institute of ayurveda panchkula

हरियाणा में आयुर्वेद शिक्षा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई का विस्तार होगा।

चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी) : हरियाणा में आयुर्वेद शिक्षा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई का विस्तार होगा। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) ने संस्थान में 14 पीजी पाठ्यक्रमों की 70 सीटों को मंजूरी दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू होंगे। इससे प्रदेश के विद्यार्थियों को आयुर्वेद की विभिन्न विशेषज्ञ विधाओं में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित एनआईए पंचकूला को एनसीआईएसएम ने इन पाठ्यक्रमों के लिए अनुमति पत्र (एलओपी) जारी किया है। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर के डीम्ड विश्वविद्यालय के ऑफ-कैंपस के रूप में संचालित पंचकूला संस्थान में पीजी पाठ्यक्रम शुरू होने से आयुर्वेद चिकित्सा, विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रशिक्षण और अनुसंधान गतिविधियों को विस्तार मिलेगा।

बीएएमएस की 100 सीटों के बाद पीजी शिक्षा का विस्तार
संस्थान में फिलहाल बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) की 100 सीटें निर्धारित हैं। वर्ष 2024-25 में पहला बैच शुरू हुआ था, जबकि 2025-26 में दूसरे बैच के विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। सत्र 2026-27 में तीसरे बैच के लिए काउंसलिंग जारी है और इसके दो राउंड पूरे हो चुके हैं। अब पीजी पाठ्यक्रमों की मंजूरी से पंचकूला संस्थान में आयुर्वेद की उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने बुधवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि 14 पीजी पाठ्यक्रमों की मंजूरी से आयुर्वेद शिक्षा, विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रशिक्षण तथा शोध एवं अनुसंधान को नई गति मिलेगी। संस्थान के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने कहा कि एनआईए पंचकूला उत्तर भारत में आयुर्वेद शिक्षा, चिकित्सा और अनुसंधान के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

इन 14 विधाओं में होगी पीजी की पढ़ाई
एनआईए पंचकूला में आयुर्वेद संहिता, सिद्धांत एवं संस्कृत, रचना शारीर, क्रिया शारीर, द्रव्यगुण विज्ञान, रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना, रोग निदान एवं विकृति विज्ञान, अगद तंत्र एवं विधि वैद्यक, स्वस्थवृत्त एवं योग, कौमारभृत्य-बाल रोग, कायचिकित्सा, पंचकर्म, स्त्री रोग-प्रसूति तंत्र, शल्य तंत्र और शालाक्य तंत्र में पीजी पाठ्यक्रमों को मंजूरी दी गई है। प्रत्येक पाठ्यक्रम में पांच सीटें निर्धारित हैं। शालाक्य तंत्र की पांच सीटों में से तीन कर्ण, नासा एवं मुख रोग चिकित्सा तथा दो नेत्र रोग चिकित्सा के लिए निर्धारित हैं।

इस प्रकार कुल 70 पीजी सीटों पर सत्र 2026-27 में दाखिले का अवसर मिलेगा। पंचकूला में स्नातकोत्तर शिक्षा का विस्तार हरियाणा सहित उत्तर भारत के उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा, जो आयुर्वेद की विभिन्न विधाओं में विशेषज्ञता हासिल करना चाहते हैं।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!