Edited By Isha, Updated: 31 May, 2026 02:45 PM

हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल से जुड़े चर्चित कसौली सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। कसौली अदालत द्वारा केस को बंद करने
चंडीगढ़/कसौली: हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल से जुड़े चर्चित कसौली सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। कसौली अदालत द्वारा केस को बंद करने और इसे दोबारा खोलने से इनकार करने के फैसले के खिलाफ अब पीड़िता ने सीधे हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
हाई कोर्ट ने याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही कसौली की निचली अदालत से केस से जुड़े तमाम दस्तावेज और पूरा रिकॉर्ड तुरंत तलब कर लिया है। हाई कोर्ट के इस कदम के बाद अब बंद हो चुका यह बड़ा मामला एक बार फिर से खुलता नजर आ रहा है।
क्या है पूरा मामला और क्या थे आरोप ?
कसौली पुलिस ने 13 दिसंबर 2024 को भाजपा नेता मोहनलाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पीड़िता का आरोप था कि 23 जुलाई 2024 को वह अपनी सहेली और बॉस के साथ कसौली घूमने आई थी। इसी दौरान हिमाचल टूरिज्म कॉर्पोरेशन के होटल 'रॉस कॉमन' में आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जांच के दौरान पुलिस ने सबूत न मिलने की बात कहते हुए कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट पेश कर दी थी।कसौली कोर्ट ने पुलिस की रिपोर्ट स्वीकार करते हुए केस बंद कर दिया था। इसके बाद पीड़िता ने मामले को दोबारा खोलने की गुहार लगाई, तो निचली अदालत ने उसे भी खारिज कर दिया।