Edited By Isha, Updated: 31 May, 2026 11:28 AM

एशियाई खेल चयन ट्रायल्स के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से 4-6 से हारने के बाद भारतीय पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट भावुक नजर आईं। मुकाबले के बाद उन्होंने कहा, मैं फिर वापस
चंडीगढ़: एशियाई खेल चयन ट्रायल्स के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत से 4-6 से हारने के बाद भारतीय पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट भावुक नजर आईं। मुकाबले के बाद उन्होंने कहा, मैं फिर वापस आऊंगी, विनेश फोगाट जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में संदेशों की बाढ़ आ गई। हार के बावजूद लोगों ने उनके संघर्ष, जज्बे और वापसी की इच्छा की जमकर सराहना की।
रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने विनेश का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि दो वर्षों तक प्रतिस्पर्धी कुश्ती से दूर रहने, हाल ही में मां बनने और लगातार चुनौतियों का सामना करने के बाद इस स्तर पर वापसी करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। विनेश ने मैट के अंदर और बाहर दोनों जगह असाधारण साहस का परिचय दिया है। दीपेंद्र ने विश्वास जताया कि विनेश जल्द ही और अधिक मजबूती के साथ वापसी करेंगी।
बड़ी संख्या में लोगों ने विनेश के समर्थन में पोस्ट साझा किए। लोकप्रिय प्रोफाइल 'जनतागिरी' ने लिखा कि ट्रायल भले ही वह हार गई हों लेकिन उन्होंने एक बार फिर दिल जीत लिया है। विनेश ने पहले अपने अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी और फिर मैट पर उतरकर यह साबित किया कि वह हार मानने वालों में नहीं हैं। हार के बाद विनेश ने कहा कि वह असफल नहीं हुई हैं, बल्कि पूरी व्यवस्था से लड़ रही थीं। यही वजह है कि उनकी हार से ज्यादा उनके संघर्ष और साहस की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल बताया।