Edited By Isha, Updated: 31 May, 2026 04:21 PM

पिहोवा क्षेत्र से गत 30 अप्रैल को लापता हुए ट्रांसपोर्टर कुलदीप सिंह उर्फ दीपू (38) का करीब एक माह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ है और अभी भी उसके सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठा है।
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): पिहोवा क्षेत्र से गत 30 अप्रैल को लापता हुए ट्रांसपोर्टर कुलदीप सिंह उर्फ दीपू (38) का करीब एक माह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ है और अभी भी उसके सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठा है।
कुलदीप के भाई संजीव कुमार ने बताया कि परिवार लगातार उसके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास कर रहा है। कुलदीप के दो मोबाइल नंबरों में से एक की सेवा बंद हो चुकी है, जबकि दूसरा नंबर लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
परिवार के अनुसार कुलदीप सिंह विवाहित है और अपने पीछे पत्नी तथा तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसकी बड़ी बेटी वंशिका (16), दूसरी बेटी हर्षिका (14) और बेटा खुशविंद्र (10) पिता के लापता होने के बाद से काफी परेशान हैं। परिजन आज भी नहर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रहे हैं।
संजीव कुमार ने बताया कि कुलदीप पिछले लगभग 10 वर्षों से पिहोवा अनाज मंडी के निकट एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी के साथ काम कर रहा था और परिवहन से जुड़े अधिकांश कार्य वही संभालता था। परिवार का आरोप है कि संबंधित ट्रांसपोर्टर ने धोखे से कुलदीप का मकान अपने नाम करवा लिया था।
लापता होने से पहले कुलदीप ने अपने मोबाइल फोन से चार वीडियो रिकॉर्ड कर परिवार को भेजी थीं। इन वीडियो में उसने कुछ लोगों पर आर्थिक लेन-देन में धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। परिवार का दावा है कि कुलदीप ने घर के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर संबंधित व्यक्ति को करीब 23 लाख रुपए दिए थे।
परिजनों के अनुसार कुलदीप को मकान खाली करवाने और सामान बाहर फेंकने की धमकियां भी दी जा रही थीं। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों के साथ भी लाखों रुपए के लेन-देन का मामला सामने आया है। लापता होने के बाद उसकी मोटरसाइकिल नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर कुलदीप सिंह का जल्द से जल्द पता लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तलाश की जा रही है।