Edited By Manisha rana, Updated: 01 Jun, 2026 10:14 AM

राजस्थान पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए फरीदाबाद के बसंतपुर गांव में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर, उपकरण और कुछ...
फरीदाबाद (अनिल राठी) : राजस्थान पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए फरीदाबाद के बसंतपुर गांव में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर, उपकरण और कुछ नकली नोट भी बरामद किए हैं।
दौसा कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले पुलिस ने आयुष मीणा नामक युवक को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 40 हजार रुपए के नकली नोट बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नकली नोटों को कम कीमत पर बेचकर उन्हें बाजार में चलाने की कोशिश कर रहा था।
दोनों आरोपियों से अहम सुराग मिले
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के करावपुरा क्षेत्र से कुलदीप गुर्जर नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।

बसंतपुर से एक को गिरफ्तार किया
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची, जहां से मिले इनपुट के आधार पर फरीदाबाद के गांव बसंतपुर, गली नंबर-1 में छापेमारी की गई। यहां किराए के मकान में रह रहे 32 वर्षीय संतोष को हिरासत में लिया गया।
प्रिंटर व अन्य सामान को किया बरामद
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान आरोपी नकली नोट छापने वाले प्रिंटर और अन्य सामान को वाहन में रखकर फरार होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन टीम ने समय रहते उसे पकड़ लिया। मौके से नकली नोट तैयार करने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण और कुछ संदिग्ध नोट भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस बोली- संदिग्धों की तलाश जारी
राजस्थान पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों का यह नेटवर्क कितने राज्यों में सक्रिय था और अब तक कितनी मात्रा में नकली करेंसी बाजार में पहुंचाई जा चुकी है। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)