Edited By Isha, Updated: 14 Aug, 2026 07:24 PM

आयकर विभाग मुम्बई ने खेल कोटे के तहत हरियाणा के 10 प्रतिभाशाली एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्त किया है। नवनियुक्त खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र 12 अगस्त को मुम्बई स्थित आयकर भवन में प्रधान मुख्य
पानीपत: आयकर विभाग मुम्बई ने खेल कोटे के तहत हरियाणा के 10 प्रतिभाशाली एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्त किया है। नवनियुक्त खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र 12 अगस्त को मुम्बई स्थित आयकर भवन में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त मुम्बई आलोक कुमार द्वारा प्रदान किए गए।
आयकर विभाग द्वारा गत 7 जनवरी को अधिसूचना जारी कर 97 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान देशभर से विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों से कुल 3595 आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवेदनों की गहन जांच एवं मूल्यांकन के बाद 97 खिलाड़ियों का मैरिट के आधार पर चयन किया गया।
इस भर्ती की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में 80 प्रतिशत से अधिक ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है अथवा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है जो चयनित खिलाड़ियों की उच्च खेल प्रतिभा को दर्शाता है।
चयनित 97 खिलाड़ियों में हरियाणा के 10 खिलाड़ियों में अभिषेक (कर सहायक-योगासन), अजय कुमार (कर सहायक वालीबॉल), अमन (बहु-कार्य कर्मचारी-फुटबॉल), आशीष (बहु-कार्य कर्मचारी-कबड्डी), निशा (कर सहायक-फुटबॉल), रमन (बहु-कार्य कर्मचारी-एथलैटिक्स), रितु देवी (बहु-कार्य कर्मचारी-फुटबॉल, रोहित कुमार (बहु-कार्य कर्मचारी-कबड्डी), उपेंद्र (बहु-कार्य कर्मचारी-कबड्डी), सुहाना सैनी (कर सहायक-टेबल टैनिस) शामिल हैं।