Jhajjar पुलिस की बड़ी कामयाबी, हिमांशु भाहू गैंग के 2 शार्प शूटर दबोचे, बड़ी साजिश की नाकाम

Edited By Krishan Rana, Updated: 12 Mar, 2026 07:46 PM

jhajjar police achieve major success arrest two sharpshooters of himanshu bhahu

झज्जर पुलिस की बहादुरगढ़ CIA-2 टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए

झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर पुलिस की बहादुरगढ़ CIA-2 टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हिमांशु भाहू गैंग के दो शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ सदर थाना क्षेत्र से काबू किया है। झज्जर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया। 

पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह ने बताया कि झज्जर पुलिस की बहादुरगढ़ CIA-2 टीम ने मुस्तैदी और गुप्त सूचना के आधार पर हिमांशु भाहू गैंग के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान नितिन पुत्र मनोज निवासी गांव जसराना जिला सोनीपत, हाल निवासी गांव बालंद जिला रोहतक तथा दीपक पुत्र राजेश निवासी गांव बादली जिला झज्जर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और अलग-अलग स्थानों पर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। 

यह है मामला
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी नितिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर 16 फरवरी, 2026 को दिल्ली स्थित नोबल हार्ट हॉस्पिटल के सामने गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा 7 मार्च को गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक स्थित बिग बॉयज टॉयज शोरूम के बाहर भी जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें उसका हाथ होने की बात सामने आई है। नितिन लंबे समय से गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था और विभिन्न स्थानों पर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। वहीं दूसरे आरोपी दीपक ने वर्ष 2018 में अपने चाचा की हत्या की थी, जिसमें अदालत द्वारा उसे उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। 

फिलहाल आरोपी दीपक पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जमीन विवाद के चलते अपने दूसरे चाचा की हत्या करने की साजिश रच रहा था। झज्जर पुलिस की टीम ने तकनीकी साधनों और गहन निगरानी के माध्यम से दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी। जैसे ही पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं, CIA-2 टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को काबू कर लिया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया गया। 

पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा और उनसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और अब तक की गई वारदातों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर ने युवाओं से भी विशेष अपील की। 

उन्होंने कहा कि युवा वर्ग अपराध और नशे जैसी बुरी प्रवृत्तियों से दूर रहे और समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि झज्जर पुलिस क्षेत्र में अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!