महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय अभियान, राम मोहन राय ने साझा की रूपरेखा

Edited By Isha, Updated: 31 Jul, 2026 04:51 PM

international campaign launched inspired by mahatma gandhi s ideas

गांधी ग्लोबल फैमिली ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल की है। भारत, नीदरलैंड, कनाडा, ब्राज़ील, बांग्लादेश तथा अन्य देशों के सामाजिक संगठनों

चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी ): गांधी ग्लोबल फैमिली ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल की है। भारत, नीदरलैंड, कनाडा, ब्राज़ील, बांग्लादेश तथा अन्य देशों के सामाजिक संगठनों एवं प्रतिनिधियों के साथ मिलकर " इको हारमनी ऐंड लिविंग एनवायरनमेंट " के गठन पर सहमति व्यक्त की गई है।

यह पहल यूनाइटेड रिलीजन इनिशिएटिव (URI) के सहयोग से विकसित की जा रही है, जिसका उद्देश्य विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और समुदायों को एक साझा मंच पर लाकर शांति, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा मानवीय सहयोग को बढ़ावा देना है।

हाल ही में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय बैठक में इस पहल की रूपरेखा, उद्देश्य, संगठनात्मक संरचना एवं भावी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अंतरराष्ट्रीय कोर कमेटी के गठन पर भी सहमति बनी।

कोर कमेटी के सदस्यों में मॉर्गाना सिंथोवे (नीदरलैंड), राम मोहन राय (भारत), सुसान (नीदरलैंड), सैलेट (ब्राज़ील) तथा कैथरीन स्टार (कनाडा) को शामिल किया गया है। यह समिति विभिन्न देशों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए इस वैश्विक अभियान को आगे बढ़ाएगी।

इस सहयोग मंच का उद्देश्य प्रकृति और मानव के बीच संतुलित संबंध स्थापित करना, जैव विविधता का संरक्षण, वृक्षारोपण एवं भूमि हरितीकरण को बढ़ावा देना, सतत कृषि, स्थानीय एवं आदिवासी ज्ञान परंपराओं के संरक्षण, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा, सामुदायिक विकास, सतत आजीविका, माइक्रोफाइनेंस, ग्राम बैंकिंग, युवा आदान-प्रदान, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण तथा विश्वविद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ साझेदारी को प्रोत्साहित करना है।

गांधी ग्लोबल फैमिली के महासचिव राम मोहन राय ने कहा कि आज विश्व जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनका समाधान केवल सरकारों के प्रयासों से संभव नहीं है। नागरिक समाज, सामाजिक संस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के बीच सक्रिय सहयोग ही स्थायी शांति और सतत विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का यह विचार आज भी विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है कि "पृथ्वी प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकता पूरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन देती है, लेकिन किसी एक के लालच के लिए नहीं।" गांधीजी का सत्य, अहिंसा, सादगी, सह-अस्तित्व और प्रकृति के प्रति सम्मान का दर्शन आज पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक सद्भाव की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

राम मोहन राय ने कहा कि यह पहल केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वभर के लोगों के बीच विश्वास, सहयोग, शांति और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का एक साझा वैश्विक अभियान है। गांधी ग्लोबल फैमिली अपने अध्यक्ष श्री गुलाम नबी आज़ाद के मार्गदर्शन में तथा विश्वभर के सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग भारत और विश्व के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय साझेदारी को नई दिशा देगा तथा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!