Edited By Isha, Updated: 04 Aug, 2026 01:25 PM

पशु रक्षक मोनू मानेसर को सोशल मीडिया पर 100 गोलियां मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। आरोप है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की गैंग के गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर कॉल कर ये धमकी दी।
गुरुग्राम: पशु रक्षक मोनू मानेसर को सोशल मीडिया पर 100 गोलियां मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। आरोप है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की गैंग के गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर कॉल कर ये धमकी दी। जब ये धमकी आई तो मोनू मानेसर का इंस्टाग्राम अकाउंट उसका भाई चला रहा था। मामले में कार्रवाई के लिए मोनू ने पुलिस को शिकायत की है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में अभी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। टीम अपने स्तर पर जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह धमकी एक अगस्त को इंस्टाग्राम ऑडियो कॉल से दी गई। आरोपी ने मोहित उर्फ मोनू मानेसर के भाई रोहित से बात की, जो उस समय मोहित का इंस्टाग्राम अकाउंट इस्तेमाल कर रहे थे। आरोपी ने अपना नाम सेफ अली खान बताया। आरोपी ने मोहित को 100 गोलियां मारकर हत्या करने और बम से उड़ाने की धमकी दी। उसने मोहित के सुरक्षा कर्मियों को भी निशाना बनाने और उन पर हमला करने की बात कही। आरोपी ने मोहित के परिचित पिंकी चौधरी निवासी गाजियाबाद, यूपी को भी जान से मारने की धमकी दी है।
मोहित ने शिकायत में कहा कि यह उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए खतरा है। यह देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए भी एक संवेदनशील विषय है। आशंका जताई कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा हो सकता है। उसके संबंध आतंकवादी तत्वों से होने की भी संभावना है। पीड़ित ने धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग एक पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपी है। उसने पुलिस से इस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य को जब्त कर फॉरेंसिक जांच कराने का आग्रह किया है।