Edited By Krishan Rana, Updated: 03 Aug, 2026 05:43 PM

हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में शादीशुदा महिला संग भागे प्रेमी ने 6 वर्षीय बच्ची से बैड टच
समालखा : हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में शादीशुदा महिला संग भागे प्रेमी ने 6 वर्षीय बच्ची से बैड टच के बाद जलती बीड़ी उसके होंठ और हाथ पर दागी। बच्ची के पिता को पता चला तो उसने समालखा थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
उसने बताया कि गत 10 जुलाई को पति के ड्यूटी पर जाने के बाद उसकी पत्नी अपने प्रेमी चस्कू गुर्जर संग घर से 5 तोले सोने के जेवर, 65 हजार रुपए नकदी और चारों बच्चों को लेकर चली गई। कई दिन तलाश के बाद पट्टीकल्याणा की लोकेशन मिली जिस पर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने पट्टीकल्याणा स्थित चस्कू गुर्जर के घर पर छापा मारा तो पुलिस को देखकर चस्कू और महिला फरार हो गए, जबकि चारों बच्चों को बरामद कर पिता के सुपुर्द कर दिया गया। घर लौटने के बाद बच्चे डरे-सहमे रहने लगे। पिता के पूछने पर उन्होंने बताया कि चस्कू रोज शराब पीकर आता था, मारपीट करता था और जबरन घर का काम करवाता था।
बच्चों के अनुसार 12 जुलाई को महिला के बाथरूम में होने के दौरान चस्कू 6 वर्षीय बच्ची को दूसरे कमरे में ले गया। वहां उसने बैड टच किया और विरोध करने पर जलती बीड़ी से बच्ची के होंठ हाथ दागे।
बच्चों ने जब इस घटना की जानकारी अपनी मां को दी तो मां ने भी इसे अनदेखा करते हुए कहा कि कोई बात नहीं, अंकल है। समालखा थाना प्रभारी इंस्पैक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि आरोपी चस्कू गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)