Edited By Harman, Updated: 30 Sep, 2026 01:16 PM

हरियाणा के पानीपत में बुधवार सुबह एक विवाहिता के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस श्मशान घाट पहुंच गई और चिता पर रखा शव कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां उसका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
पानीपत ( सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत में बुधवार सुबह एक विवाहिता के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस श्मशान घाट पहुंच गई और चिता पर रखा शव कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां उसका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। विवाहिता ने दो दिन पहले रसोई में रखा संदिग्ध पदार्थ पी लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे रोहतक PGI में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार रात उसकी मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुरालवालों पर जहर देकर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो साल पहले हुई थी शादी
घटना पानीपत के ऊझा रोड स्थित सांईं कॉलोनी की है। मृतका की पहचान पूनम (20) के रूप में हुई है। उसके पति विशु ने बताया कि उनकी करीब 2 साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पूनम का ससुराल वालों से मनमुटाव रहता था। इसके चलते दोनों पति-पत्नी अलग रह रहे थे।
चिता से शव उठाकर ले गई पुलिस
परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पुलिस श्मशान घाट पहुंची। पुलिस ने चिता पर रखे पूनम के शव को कब्जे में लिया और गाड़ी में रखकर सिविल अस्पताल ले गई। इस बीच पूनम के मायका पक्ष ने जहर देकर हत्या करने के आरोप लगाए। मामले में अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिता ने भी शादी के 10 दिन बाद कर ली थी सुसाइड
जानकारी देते हुए पूनम के भाई अर्जुन ने बताया कि वह यूपी के मुज्जफरनगर का रहने वाला है। उसकी बहन पूनम ने 2 साल पहले पानीपत के रहने वाले विश्वास उर्फ विशु के साथ लव मैरिज की थी। दोनों ने घर से भाग कर शादी की थी। लड़की का घर आना जाना बंद हो गया था। न ही उसकी ससुराल वाले उससे मिलने देते थे। इसी गम में मेरे पिता ने भी फांसी लगा ली थी। हमें आज सुबह पता लगा कि लड़की की जहर देकर हत्या कर दी गई। पूनम बीच-बीच में कभी फोन करती थी तो वह रोती थी। कहती थी कि उसके साथ ससुराल में अच्छा व्यवहार नहीं होता है।
इस बारे में चांदनीबाग थाना के जांच अधिकारी SI चंद्रपाल ने बताया कि हमारे पास सूचना मिली थी कि महिला को जहर दिया गया था, जिससे उसकी मौत हुई है। उसके ससुराल वाले छुपके से अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंच गए हैं। इस सूचना पर हम मौके पर पहुंचे और शव को वहां से सिविल अस्पताल ले आए। अभी हमें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।