Edited By Krishan Rana, Updated: 02 Aug, 2026 12:18 PM
घनघस खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीप घनघस ने कहा कि समाज के सामने आज सबसे बड़ी चुनौती
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): घनघस खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीप घनघस ने कहा कि समाज के सामने आज सबसे बड़ी चुनौती युवा पीढ़ी को सही दिशा देना है। बदलते सामाजिक परिवेश में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियां तथा अपनी सभ्यता और संस्कृति से दूर होता युवा वर्ग चिंता का विषय है।
इन चुनौतियों से निपटने के लिए घनघस खाप पूरे हरियाणा में राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चला रही है, ताकि युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि खाप केवल सामाजिक विवादों के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। युवा शक्ति यदि सही दिशा में आगे बढ़ेगी तो प्रदेश और देश दोनों का भविष्य मजबूत होगा।
नशामुक्त समाज बनाने पर विशेष जोर
जगदीप घनघस ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन अनेक परिवारों को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी को देखते हुए घनघस खाप गांव-गांव जाकर युवाओं और अभिभावकों को जागरूक करने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण समुदाय के सहयोग से नशे के खिलाफ व्यापक जनचेतना अभियान चलाया जाएगा, ताकि युवाओं को इस दलदल से बाहर निकाला जा सके।
दहेज प्रथा के खिलाफ भी चलेगा अभियान
घनघस ने कहा कि दहेज जैसी सामाजिक बुराई आज भी समाज के लिए अभिशाप बनी हुई है। इसे समाप्त करने के लिए सामाजिक स्तर पर मजबूत पहल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खाप समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने तथा दहेज मुक्त विवाहों के लिए लोगों को प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि जब तक समाज स्वयं आगे नहीं आएगा, तब तक कानून अकेले इस समस्या का समाधान नहीं कर सकता।
सभ्यता और संस्कृति से दूर हो रहे युवाओं पर चिंता
जगदीप घनघस ने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में युवा अपनी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक परंपराओं से दूर होते जा रहे हैं। यह स्थिति भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि जन चेतना अभियान के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और नैतिक जीवन के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े युवा ही समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
छात्र आंदोलन को बताया उचित
घनघस ने हाल ही में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों ने जिन मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया, वे महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े विषय थे। लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
लाठीचार्ज के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर बल प्रयोग या लाठीचार्ज किया गया है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि किसी स्तर पर अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
समाज और युवाओं के बीच संवाद बढ़ाने का संकल्प
जगदीप घनघस ने कहा कि घनघस खाप आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम और जागरूकता अभियान आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति, महिला सम्मान तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि समाज संगठित होकर युवा पीढ़ी को सही दिशा देने का संकल्प ले, तो न केवल सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है, बल्कि एक सशक्त, जागरूक और संस्कारवान समाज का निर्माण भी संभव है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)