Edited By Krishan Rana, Updated: 02 Aug, 2026 03:23 PM
हरियाणा सरकार के "नशा मुक्त हरियाणा" अभियान को सफल बनाने में हरियाणा पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा सरकार के "नशा मुक्त हरियाणा" अभियान को सफल बनाने में हरियाणा पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स अहम भूमिका निभा रहे हैं। वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने स्निफर डॉग्स की सहायता से 48 एनडीपीएस मामलों का खुलासा करते हुए चिट्टा (हेरोइन), स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त समेत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए।
इन अभियानों में स्निफर डॉग बोल्ट (HK132) ने 15 मामलों, रैम्बो (HK133) ने 14 मामलों तथा रोमियो (HK131) ने 12 मामलों में भाग लेकर उल्लेखनीय सफलता दिलाई। विशेष रूप से रैम्बो की मदद से आदमपुर क्षेत्र में 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया, जो इस अवधि की सबसे बड़ी बरामदगी रही।
DGP अजय सिंघल बोले: नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नशा तस्करी युवाओं और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हरियाणा पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स और उनके डॉग हैंडलर्स पुलिस की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरे हैं। उनकी असाधारण सूंघने की क्षमता, आधुनिक प्रशिक्षण और पुलिस टीमों के साथ बेहतर तालमेल के कारण मादक पदार्थों की बरामदगी और तस्करों तक पहुंचने में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है। DGP ने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 9050891508 पर जानकारी दें, ताकि जनसहभागिता से "नशा मुक्त हरियाणा" का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
डॉग स्क्वॉड की मदद से हर वर्ष मिल रही बड़ी सफलता
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने बताया कि प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स हर वर्ष NDPS मामलों में महत्वपूर्ण सफलता दिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचती है, जहां ये डॉग्स वाहनों, मकानों, गोदामों, खेतों और अन्य स्थानों पर बेहद चतुराई से छिपाकर रखे गए मादक पदार्थों का सटीक पता लगा लेते हैं।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में स्निफर डॉग्स की सहायता से नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में भी सफलता मिली है।
कई जिलों में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद
पहले 6 महीनों के दौरान स्निफर डॉग्स की मदद से कई बड़ी कार्रवाई की गई। इनमें आदमपुर से 5 क्विंटल 50.300 किलोग्राम डोडा पोस्त, फतेहाबाद से 10.160 किलोग्राम डोडा पोस्त, फरीदाबाद से 6.56 किलोग्राम गांजा, 4.735 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3.790 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3.50 किलोग्राम गांजा, 1.2 किलोग्राम गांजा, 105.08 ग्राम चरस सहित हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों की कई खेप बरामद की गई।
इन अभियानों में हिसार, फतेहाबाद, सिरसा (डबवाली), गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी, कुरुक्षेत्र, हिसार जीआरपी सहित अनेक जिलों की पुलिस तथा HSNCB की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
बोल्ट, रैम्बो और रोमियो बने हरियाणा पुलिस के 'स्टार स्निफर डॉग्स'
हिसार डॉग स्क्वॉड यूनिट ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। यूनिट के स्निफर डॉग बोल्ट ने 15 एनडीपीएस मामलों में सफलता दिलाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। रैम्बो ने 14 मामलों में अहम भूमिका निभाई और सबसे बड़ी डोडा पोस्त बरामदगी करवाई, जबकि रोमियो ने 12 मामलों में चिट्टा, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इन अभियानों की सफलता में डॉग हैंडलर्स अनिल, सुनील, रीत, प्रदीप, विकास और रविंदर की मेहनत और उनके प्रशिक्षित डॉग्स के साथ शानदार तालमेल भी महत्वपूर्ण रहा।
वैज्ञानिक प्रशिक्षण से और मजबूत हो रही डॉग स्क्वॉड
ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) संदीप सिंह कश्यप ने बताया कि हरियाणा पुलिस के प्रत्येक स्निफर डॉग और उसके हैंडलर को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों के आधार पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की पहचान, संदिग्ध स्थानों की तलाशी, साक्ष्यों की सुरक्षा और ऑपरेशन के दौरान अनुशासित ढंग से कार्य करने का अभ्यास कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित मानव संसाधन और स्निफर डॉग्स के समन्वित उपयोग से नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
जनसहयोग से मजबूत होगा 'नशा मुक्त हरियाणा' अभियान
हरियाणा पुलिस का मानना है कि प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स, आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और जनता के सहयोग के साथ नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर प्रदेश को नशा मुक्त बनाना भी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)