Edited By Isha, Updated: 15 Aug, 2026 04:46 PM

सोनीपत के गांव बारोटा में उस समय मातम छा गया, जब 8वीं कक्षा में पढ़ने वाला 10 वर्षीय छात्र अंकित अपने दोस्तों के साथ खेलने के दौरान करंट की चपेट में आ गया।
सोनीपत: सोनीपत के गांव बारोटा में उस समय मातम छा गया, जब 8वीं कक्षा में पढ़ने वाला 10 वर्षीय छात्र अंकित अपने दोस्तों के साथ खेलने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। दोपहर के समय मासूम घर से खेलने निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी।
अंकित अपने दोस्तों के साथ बारोटा स्थित ड्रेन नंबर-8 के पास खेल रहा था। खेल-खेल में वह पास ही स्थित एक बिजली के खंभे के संपर्क में आ गया। खंभे में तेज करंट प्रवाहित होने के कारण वह तुरंत उसकी चपेट में आ गया और झुलसकर मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मृतक छात्र के पिता विनोद कुमार और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। परिजनों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से बिजली के तार नीचे झूल रहे हैं और खंभों का सही रखरखाव नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने लटकते तारों को ठीक नहीं किया, जिससे आज यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 और बारोटा चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।