Edited By Isha, Updated: 16 Oct, 2026 05:39 PM

सोनीपत में लूट की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसमें प्लॉट खरीदने का भरोसा करके पहुंचे एक वकील को 20 लाख रुपये गंवाने पड़े।दिल्ली की तीस हजारी अदालत में वकालत करने वाले मेरठ निवासी शशांक को जीरकपुर में प्लॉट दिलाने
सोनीपत (सुशील): जिले के मुरथल थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जीरकपुर में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट के एक वकील से 20 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया गया। वारदात के दौरान जब वकील ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें चलती कार के बोनट पर लटकाकर सड़क पर गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित वकील शशांक (निवासी मेरठ, हाल तीस हजारी कोर्ट) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दोस्ती दिल्ली के सोहेल से थी, जिसने उनकी पहचान पंजाब के जीरकपुर निवासी हरप्रीत से करवाई थी। हरप्रीत ने उन्हें वीडियो कॉल पर 200 गज का प्लॉट दिखाकर 40 लाख रुपये में सौदा तय किया और आधी रकम (20 लाख रुपये) लेकर मुरथल बुलाया।
तय योजना के मुताबिक, शशांक वीरवार तड़के अपने दोस्त सोहेल के साथ 20 लाख रुपये लेकर मुरथल में दिल्ली-पानीपत रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। जहां हरप्रीत अपने साथियों के साथ मौजूद था। बातचीत के दौरान जैसे ही शशांक ने नकदी से भरा बैग दिखाया, आरोपियों ने पिस्तौल तानकर बैग छीन लिया।
भाग रहे बदमाशों को रोकने के लिए जब शशांक कार के बोनट पर लटके, तो आरोपियों ने गाड़ी तेजी से दौड़ा दी जिससे वह नीचे गिरकर घायल हो गए। मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुंडू ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।