Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 09 Jan, 2026 07:59 PM

गुरुग्राम पुलिस द्वारा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से आमजन को अब पुलिस से जुड़ी हर छोटी-छोटी आवश्यक सेवाओं एवं जानकारियों के लिए...
गुड़गांव,(ब्यूरो): गुरुग्राम पुलिस द्वारा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से आमजन को अब पुलिस से जुड़ी हर छोटी-छोटी आवश्यक सेवाओं एवं जानकारियों के लिए पुलिस थानों/कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने इस अत्याधुनिक डिजिटल सेवा का शुभारंभ करते हुए प्रतिनिधियों को चैटबॉट की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं इसकी नागरिक-केन्द्रित उपयोगिता के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि गुरुग्राम जैसे स्मार्ट व तेजी से विकसित होते महानगर में नागरिकों की अपेक्षाएं भी उतनी ही आधुनिक हैं। इसी सोच के अनुसार गुरुग्राम पुलिस ने तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए यह व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित किया है, जिससे पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद और अधिक सुलभ, त्वरित एवं भरोसेमंद बन सके। उन्होंने कहा कि यह चैटबॉट केवल एक तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि जन-सेवा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम है, जो पुलिस प्रणाली को और अधिक जन-हितैषी एवं नागरिक-मित्र बनाएगा।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह चैटबॉट न केवल नागरिकों के समय की बचत करेगा, बल्कि पुलिस के कार्यभार को संतुलित करने में भी सहायक होगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों का पुलिस तंत्र पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा। गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे इस व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सुरक्षित, स्मार्ट एवं सहयोगात्मक समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। मोबाइल फोन गुम होने की सूचना देने के लिए सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने का लिंक व जानकारी मिलेगी। पुलिस कार्यवाही के लिए फीडबैक दिया जा सकता है। साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े वीडियो, एडवाइजरी एवं त्वरित सुरक्षा सुझाव दिए जा सकते हैं। व्हाट्सएप चैटबॉट का उपयोग करने के लिए नागरिक 95999-64777 पर व्हाट्सएप के माध्यम से हेलो संदेश भेजकर चैटबॉट से संवाद शुरू कर सकते हैं। इसके बाद भाषा चयन कर व्यू सर्विसेज विकल्प के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की सूची देखी जा सकती है और अपनी आवश्यकता अनुसार सेवा का चयन किया जा सकता है।
गुरुग्राम पुलिस के इस व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध होंगी। सामान्य थाना, महिला थाना एवं साइबर थाना की संपूर्ण जानकारी, प्रभारी अधिकारी का नाम, संपर्क नंबर, ई-मेल तथा गूगल मैप लोकेशन। महिला थाना से संबंधित जानकारी, प्रशिक्षित महिला अधिकारियों की सहायता एवं मार्गदर्शन, साइबर अपराध शिकायत प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, गुरुग्राम पुलिस साइबर सेल एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के लिंक, साथ ही साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 की जानकारी, यातायात संबंधी सेवाओं में ट्रैफिक जाम, सडक़ दुर्घटना, गड्ढे, जलभराव, सडक़ अवरोध, वाहन खराब होने जैसी समस्याओं की रिपोर्टिंग, फोटो अपलोड सुविधा, लोकेशन सांझा करना एवं शिकायत पर रेफरेंस आईडी प्राप्त करना, नागरिक अपनी लोकेशन साझा कर नजदीकी ट्रैफिक इंस्पेक्टर का नाम, संपर्क नंबर, कार्य क्षेत्र एवं कार्यालय समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, 112 सहित सभी महत्वपूर्ण पुलिस व आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे।