DLF को अतिक्रमण मुक्त करने कार्रवाई शुरू, 900 मकानों के बाहर से हटाया गया अतिक्रमण

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 05 Jun, 2026 09:52 AM

dtp demolished illegal construction in dlf phase 3 area

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा DLF फेज-3 स्थित यू ब्लॉक में सार्वजनिक सड़कों और स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया। जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) अमित माधोलिया के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान में विभाग की चार टीमों...

गुड़गांव, (ब्यूराे):  टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा DLF फेज-3 स्थित यू ब्लॉक में सार्वजनिक सड़कों और स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया। जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) अमित माधोलिया के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान में विभाग की चार टीमों ने करीब साढ़े सात घंटे तक कार्रवाई करते हुए यू ब्लॉक की लगभग 24 से 25 लेन को कवर किया। अभियान के दौरान करीब 800-900 मकानों के सामने किए गए विभिन्न प्रकार के अतिक्रमणों को हटाया गया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

कार्रवाई की निगरानी डीटीपीई अमित माधोलिया द्वारा की गई। एक टीम का नेतृत्व स्वयं अमित माधोलिया ने किया, जबकि अन्य टीमों की जिम्मेदारी एटीपी दिव्या दहिया, जूनियर इंजीनियर हर्षित सलूजा, जूनियर इंजीनियर आकाश राव तथा जूनियर इंजीनियर राजन झा एवं गुलशन सिंह ने संभाली। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भारी संख्या में मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान मकानों के बाहर बनाए गए अवैध रैंप, एक्सटेंशन, सीढ़ियां, ग्रिल, अवैध साइन बोर्ड, ढाबा एवं फूड काउंटर, रहड़ियां, कियोस्क, पान-बीड़ी के खोखे, लोहे के पोल तथा बैठने के लिए बनाए गए प्लेटफॉर्म हटाए गए। कई स्थानों पर सार्वजनिक सड़कों और गलियों पर कब्जा कर निजी उपयोग के लिए संरचनाएं बनाई गई थीं, जिन्हें हटाकर मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए पान-बीड़ी के कियोस्क और अन्य अस्थायी ढांचों को छिपाने का प्रयास भी किया, लेकिन टीमों ने मौके पर निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित किया और हटाने की कार्रवाई की। इसके अलावा मकानों के बाहर रखी गई पानी की टंकियों को स्वयं हटाने के लिए संपत्ति मालिकों को अंतिम चेतावनी दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर टंकियां नहीं हटाई गईं तो विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।

 

यू ब्लॉक क्षेत्र से पिछले काफी समय से अतिक्रमण संबंधी शिकायतें विभाग को प्राप्त हो रही थीं। स्थानीय निवासियों द्वारा सार्वजनिक सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण, पार्किंग की समस्या तथा आवाजाही में आने वाली बाधाओं को लेकर लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं। हाल ही में पुलिस प्रशासन ने भी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम और कानून व्यवस्था संबंधी परेशानियों का हवाला देते हुए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को कार्रवाई करने के लिए अवगत कराया था। इसके बाद विभाग ने विस्तृत योजना बनाकर यह अभियान शुरू किया।

 

अभियान के दौरान कई स्थानों पर घरों के आगे बनाए गए अवैध निर्माण और सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जों को हटाया गया। विभाग का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों का निजी उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा आमजन की सुविधा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा तथा जिन स्थानों पर अतिक्रमण दोबारा किए जाने की शिकायत मिलेगी, वहां पुनः कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं सार्वजनिक भूमि और सड़कों से अपना सामान तथा अवैध निर्माण हटा लें, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता न पड़े।

 

डीटीपी अमित मधोलिया ने बताया कि यू ब्लॉक में अतिक्रमण हटाने का अभियान अभी जारी है और पूरे यू ब्लॉक को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। इसके बाद डीएलएफ फेज-3 के अन्य ब्लॉकों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कें और स्थान आम नागरिकों के उपयोग के लिए हैं, उन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की प्राथमिकता पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!