Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 07 Mar, 2026 05:39 PM

अर्जुन नगर में लेनदेन के विवाद में एक हार्डवेयर कारोबारी पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने पीड़ित का रास्ता रोककर उन्हें डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनके पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं।
गुड़गांव, (ब्यूरो): अर्जुन नगर में लेनदेन के विवाद में एक हार्डवेयर कारोबारी पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने पीड़ित का रास्ता रोककर उन्हें डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनके पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के न्यू कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक,सन्नी गुलाटी निवासी नई बस्ती ने शिकायत में बताया कि हार्डवेयर और प्रॉपर्टी का काम करते हैं। पुलिस को बताया कि दो मार्च की रात करीब साड़े आठ बजे वह सेठी अस्पताल से अपनी एक्टिवा पर घर जा रहे थे। जब वह बसई रोड स्थित तीरथ राम अस्पताल के पास पहुंचे, तभी आरोपी चार से पांच साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर आकर उनका रास्ता रोक लिया।
सन्नी का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ गाली-गलौज की और डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके दोनों पैरों और घुटनों पर गहरी चोटें आईं, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी कहीं गिर गया या छीन लिया गया, जिसमें व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और आरोपी के खिलाफ धमकी भरी रिकॉर्डिंग मौजूद थी। आरोपी वारदात के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल सन्नी को तुरंत सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, सन्नी के शरीर पर 5 गंभीर चोटें पाई गई हैं। डॉक्टरों ने उनके पैरों का एक्स-रे और ऑर्थो ओपिनियन की सलाह दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।