Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 13 Mar, 2026 05:46 PM

सेक्टर-54 स्थित सनसिटी सोसाइटी में एक व्यक्ति ने मामूली विवाद के बाद अपने पड़ोसी के घर में घुसकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि वहशीपन की हदें पार करते हुए पीड़ित का दायां अंगूठा दांतों से चबा डाला।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-54 स्थित सनसिटी सोसाइटी में एक व्यक्ति ने मामूली विवाद के बाद अपने पड़ोसी के घर में घुसकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि वहशीपन की हदें पार करते हुए पीड़ित का दायां अंगूठा दांतों से चबा डाला। हमले में पीड़ित के अंगूठे का नाखून उखड़ गया और हड्डी चकनाचूर हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बुधवार को सेक्टर-53 थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-54 में स्थित सनसिटी निवासी इंदर जस्मीर एधी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोसाइटी के ई-ब्लॉक में चौथी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि चार मार्च की शाम उनके पड़ोसी प्रतीक सपरा का फोन आया। प्रतीक अपनी पत्नी से तलाक के विवाद को लेकर परेशान था और फोन पर ही गाली-गलौज करने लगा। फोन लाउडस्पीकर पर होने के कारण यह सब इंद्र के परिवार और वहां मौजूद अन्य पड़ोसियों ने भी सुना।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद प्रतीक जबरन इंद्र के घर में घुस आया। जब इंद्र की पत्नी ने उसे गेट पर ही बात करने को कहा, तो उसने धक्का देकर अंदर प्रवेश किया और मेज पर लात मारकर उसे तोड़ दिया। शोर सुनकर इंद्र के दो छोटे बच्चे रोने लगे और डर गए। पीड़ित के अनुसार, जब प्रतीक को रोकने की कोशिश की गई, तो उसने जानवरों की तरह इंद्र के दाएं हाथ के अंगूठे को अपने दांतों से पकड़ लिया और उसे तब तक चबाता रहा जब तक कि नाखून अलग नहीं हो गया और हड्डी नहीं टूट गई। खून निकलने और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस हेल्पलाइन को सूचित किया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इंद्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक्स-रे के बाद पुष्टि की कि अंगूठे की हड्डी पूरी तरह टूट चुकी है। गंभीर चोट के कारण पीड़ित की सर्जरी करानी पड़ी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि उनकी अनुपस्थिति में आरोपी का बड़ा भाई उनके घर आकर उनकी पत्नी को डरा-धमका रहा है। गाड़ियों से उनके रास्ते रोके जा रहे हैं और लगातार व्हाट्सऐप पर अभद्र संदेश भेजे जा रहे हैं।