Edited By Manisha rana, Updated: 27 May, 2026 09:06 AM

एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) पानीपत की टीम ने मंगलवार रात करीब 9 बजे किला थाना प्रभारी एसआई सुरेश कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते थाने से ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फैक्ट्री के कर्मचारी ने अपने मालिक के खिलाफ पत्नी से मारपीट करने की शिकायत दी...
पानीपत (सचिन शर्मा) : एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) पानीपत की टीम ने मंगलवार रात करीब 9 बजे किला थाना प्रभारी एसआई सुरेश कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते थाने से ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फैक्ट्री के कर्मचारी ने अपने मालिक के खिलाफ पत्नी से मारपीट करने की शिकायत दी थी। आरोप है कि इसी शिकायत में समझौता करवा इसे खत्म करने की एवज में सुरेश ने 10 हजार रुपए मांगे थे।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की चांदनीबाग क्षेत्र में कारपेट दरी बनाने की फैक्ट्री है। उसके पास एक कर्मचारी काम करता है। जिसके साथ उसका 8 हजार रुपए का लेन-देन था। उसने 4 हजार रुपए दे दिए थे, जबकि 4 हजार रुपए बकाया था। इसी रंजिश में कर्मचारी ने उसके खिलाफ 12 मई को किला थाना में झूठी शिकायत दे दी। शिकायत में आरोप लगाया कि उसने कर्मचारी व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। जबकि उसने पैसे देने का आश्वासन दिया था। उसे 13 मई को थाने में बुलाया गया। जहां पर थाना प्रभारी एसआई सुरेश उसे हवालात में डालने की धमकी दी। उसने प्रभारी को बताया कि शिकायत झूठी है, लेकिन प्रभारी ने एक नहीं सुनी। इसी थाने में उसके दोस्त मोनिश के खिलाफ भी एक केस है। प्रभारी ने दोनों शिकायत में समझौता करवा उसे खत्म करने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। जिसके बाद उसने पानीपत एसीबी टीम को शिकायत दी। वकील ने बताया कि उसने 2 माह पहले एक पार्टी का समझौता कराया था।
आरोप है कि इस मामले में भी किला थाना प्रभारी उनके एक जानकार के पास बार-बार कॉल करके 3 हजार रुपए की मांग कर रहा था। मंगलवार दोपहर वह थाने पहुंचा। प्रभारी ने कहा कि पहले 2 माह पुराना हिसाब क्लियर करो और उससे 3 हजार रुपए ले लिए। फिर कहा कि शाम तक 10 हजार रुपए दे देना, वरना अंदर कर दूंगा। जिसके बाद वह एसीबी के पास पहुंचा।
एसीबी इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही एसीबी एसपी ममता सिंह के संज्ञान में मामला डाला और इंस्पेक्टर हेमराज, एसआई जगबीर, एएसआई सुरेंद्र, एएसआई जगमोहन अन्य के साथ मिलकर एक टीम गठित की। 500-500 के नोटों पर रंग लगाकर शिकायतकर्ता को दिया। रात 9 बजे शिकायतकर्ता थाने पहुंचा। एसीबी टीम ने एसआई को रंगेहाथ 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)