Edited By Krishan Rana, Updated: 07 Oct, 2026 07:07 PM

पानीपत में पुलिस चेकिंग के दौरान नशे की हालत में पुलिसकर्मी से बदसलूकी और थप्पड़ मारने के मामले में
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत में पुलिस चेकिंग के दौरान नशे की हालत में पुलिसकर्मी से बदसलूकी और थप्पड़ मारने के मामले में गिरफ्तार आरोपी असलम की बुधवार को पुलिस ने पैदल परेड कराई। पुलिस आरोपी को संजय चौक से लेकर पुराना बस स्टैंड तक पैदल घुमाते हुए ले गई और घटनास्थल की निशानदेही कराई।
दरअसल, मंगलवार को संजय चौक पर पुलिस की ओर से वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को रोककर शराब की जांच के लिए एल्कोहल डिटेक्टर में फूंक मारने को कहा। आरोप है कि नशे की हालत में युवक ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया और विरोध करने पर पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया।
मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी असलम को मौके से ही काबू कर लिया था। इसके बाद उसके खिलाफ पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।
अब पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम की निशानदेही कराई। इस दौरान आरोपी को संजय चौक से पुराना बस स्टैंड तक पैदल ले जाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी या मारपीट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)