Edited By Yakeen Kumar, Updated: 20 Sep, 2025 06:14 PM

प्रशासन ने 3 नए फायर स्टेशन बनाने का फैसला लिया है, जो कि लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार होंगे...
पंचकूला : पंचकूला शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने 3 नए फायर स्टेशन बनाने का फैसला लिया है। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ये फायर स्टेशन मनसा देवी कंपलेक्स, पिंजौर-कालका अर्बन कंपलेक्स सेक्टर-31 और अलीपुर बरवाला में स्थापित किए जाएंगे। इन स्टेशनों के निर्माण से आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।
पंचकूला में पिछले डेढ़ से दो दशक में जनसंख्या में तेजी से इजाफा हुआ है और कई नए सेक्टर विकसित हुए हैं। इसके बावजूद शहर अभी भी सीमित फायर स्टेशनों पर निर्भर है। वर्तमान में पूरे जिले में केवल तीन फायर स्टेशन हैं और शहर के भीतर मात्र एक स्टेशन से काम चलाया जा रहा है।
बढ़ रही हैं आगजनी की घटनाएं
चंडीगढ़ के पास होने के कारण पंचकूला में बसने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं का विकास उसी गति से नहीं हो पाया। पिछले एक महीने में 45 से अधिक आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नए फायर स्टेशनों के बनने से न केवल आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण संभव होगा बल्कि लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)