चैनत गांव में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को उखाड़ने हथौड़े-रॉड लेकर पहुंचे ग्रामीण, हांसी-बरवाला रोड किया जाम

Edited By Harman, Updated: 01 Jun, 2026 06:11 PM

villagers with hammer and rods arrive in chainat to uproot bhakra drinking water

हांसी के चैनत गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को उखाड़ने की कोशिश की। दोपहर डेढ़ बजे ग्रामीण हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे। जब ग्रामीण पाइपलाइन तोड़ने में विफल रहे, तो उन्होंने हांसी-बरवाला रोड पर बड़े पाइप डालकर जाम...

हांसी (संदीप सैनी) :  हांसी के चैनत गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को उखाड़ने की कोशिश की। दोपहर डेढ़ बजे ग्रामीण हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे। जब ग्रामीण पाइपलाइन तोड़ने में विफल रहे, तो उन्होंने हांसी-बरवाला रोड पर बड़े पाइप डालकर जाम कर दिया।  सूचना मिलते ही SDM राजेश कोथ, DSP रविंद्र सांगवान, सदर थाना प्रभारी सदानंद सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक बार के लिए मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात की गई।  कमेटी की मीटिंग के बाद ग्रामीणों ने धरना कल, मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद हांसी-बरवाला रोड चालू हुआ।  ग्रामीण पिछले 17 दिनों से धरना देकर पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन देने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे पाइपलाइन उखाड़ देंगे। 

रोघी खाप के प्रधान सुमेर डाटा ने कहा कि हम किसी सूरत में पीछे नहीं हटेंगे। आज प्रशासन ने देख लिया हम क्या कर सकते हैं और उन तक हमारा मैसेज पहुंच गया होगा। कल दोबारा गांव चैनत में लोग धरने पर एकत्रित होंगे और बड़ा फैसला लेंगे।

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के दशरथ मलिक ने कहा कि यह सब वोटों की राजनीति के कारण हो रहा है। अगर सरकार चैनत गांव को भाखड़ा का पानी दे भी देगी, तो उससे कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। वहीं, अगर यहां पाइपलाइन नहीं गुजरने दी गई, तो कल से हांसी के शहरवासी भी धरना दे सकते हैं। ऐसा लगता है कि सरकार लोगों को आपस में लड़वाना चाहती है। हमारा धरना शांतिपूर्वक जारी रहेगा। किसान नेता सुरेश कोथ ने हम चाहते हैं कि सरकार बातचीत करे और समस्या का समाधान करे, नहीं तो हम इससे 10 गुना बड़ा आंदोलन करेंगे।

जानकारी हो कि यह पेयजल पाइपलाइन बरवाला के गांव राजली स्थित राजली भाखड़ा हेड से हांसी शहर तक बिछाई जा रही है। इस परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह काम सरकार की अमृत योजना के तहत हो रहा है, जिसका उद्देश्य हांसी शहर में पेयजल की कमी को दूर करना है।  करीब 30 किलोमीटर लंबी इस पाइपलाइन का निर्माण कार्य फिलहाल राजली से चैनत गांव तक पहुंच चुका है। पाइपलाइन को आगे हांसी तक ले जाने के लिए इसे चैनत गांव से होकर गुजरना है। हालांकि, ग्रामीणों की मांग है कि उनके गांव को भी इसी पाइपलाइन से पेयजल कनेक्शन दिया जाए।  ग्रामीणों का कहना है कि जब पाइपलाइन उनके गांव से होकर गुजर रही है तो उन्हें भी इसका लाभ मिलना चाहिए। वहीं प्रशासन का तर्क है कि यह परियोजना विशेष रूप से हांसी शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाई गई है, इसलिए योजना के तहत गांव को इससे पानी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!