CM नायब सैनी का बड़ा फैसला, 150 नए इंटरनेशनल लेवल स्कूल बनेंगे...719 सरकारी स्कूलों का होगा आधुनिकीकरण

Edited By Isha, Updated: 02 Aug, 2026 09:16 AM

150 new international level schools to be built

हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन है कि प्रदेश का

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा केवल संसाधनों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे। इसी सोच को साकार करते हुए राज्य सरकार ने 150 नए राजकीय विद्यालयों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने तथा 719 उत्कृष्ट विद्यालयों का व्यापक आधुनिकीकरण करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित स्कूल शिक्षा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में सरकारी विद्यालयों को आधुनिक, तकनीक-संपन्न और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन फैसलों से आने वाले वर्षों में हरियाणा की सरकारी शिक्षा व्यवस्था राष्ट्रीय स्तर पर एक नया मॉडल बनकर उभरेगी।

हर बच्चे तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। इसी उद्देश्य से सरकार सरकारी स्कूलों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। 150 नए विद्यालयों के डिजाइन और निर्माण में देश के अग्रणी राज्यों तथा प्रतिष्ठित संस्थानों के श्रेष्ठ मॉडलों का अध्ययन किया जाएगा, ताकि हरियाणा के विद्यार्थियों को सर्वोत्तम शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

सरकारी स्कूलों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
उन्होंने बताया कि नए विद्यालयों के साथ-साथ 719 उत्कृष्ट विद्यालयों में भी आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इनमें नए भवन, अतिरिक्त कक्षाएं, स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, डिजिटल लैब, पुस्तकालय, आधुनिक फर्नीचर, खेल मैदान, पृथक शौचालय, मजबूत चारदीवारी, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए और बजट की किसी भी प्रकार की कमी आड़े न आने दी जाए।

एआई आधारित शिक्षा से तैयार होंगे भविष्य के विद्यार्थी
प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिक्षा को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ढालना चाहते हैं। इसी सोच के तहत सरकारी विद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित शिक्षण, डिजिटल शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

शिक्षकों को मिलेगा सम्मान, स्वच्छता पर रहेगा विशेष जोर
उन्होंने कहा कि सरकार केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही सभी सरकारी विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

हरियाणा बनेगा शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य
प्रवीण अत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य हरियाणा को विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है। 150 नए अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्यालय और 719 उत्कृष्ट विद्यालय आने वाले समय में पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा केंद्र बनेंगे। मुख्यमंत्री का मानना है कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में लिए जा रहे निर्णय केवल वर्तमान को नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!