कभी उम्र और कद-काठी के मिले थे ताने, आज देश की झोली में डाला Gold... मां बोली- कह कर गया था जीतकर लौटेगा

Edited By Isha, Updated: 02 Aug, 2026 11:45 AM

hisar s ankush panghal wins commonwealth gold

जिले के गांव भेरिया के होनहार मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में पुरुषों के 80 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले में अंकुश

हिसार(विनोद): जिले के गांव भेरिया के होनहार मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में पुरुषों के 80 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले में अंकुश ने इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को शानदार प्रदर्शन के दम पर हराया। करीब 15 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में अंकुश की स्पीड, सटीक पंचिंग और बेहतरीन काउंटर अटैक ने उन्हें जीत दिलाई। इस ऐतिहासिक जीत के बाद गांव भेरिया में जश्न का माहौल है। परिवार, रिश्तेदार और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। 

इससे पहले अंकुश ने सेमीफाइनल में कनाडा के जोशुआ ओफोरी को 5-0 के एकतरफा अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल में भी उन्होंने शानदार रणनीति के साथ मुकाबला खेलते हुए गोल्ड अपने नाम कर लिया। 11 साल की उम्र से शुरू हुआ सफर अंकुश ने 11 साल की उम्र में बॉक्सिंग की शुरुआत की। छह भाई-बहनों के परिवार में पले-बढ़े अंकुश को खेलों की प्रेरणा अपने भाई-बहनों से मिली। कोच प्रदीप सावंत की सलाह पर पिता सुरेश कुमार रोजाना करीब 15 किलोमीटर दूर प्रशिक्षण केंद्र लेकर जाते थे। 

PunjabKesari
लोगों ने उनकी उम्र और कद-काठी को लेकर ताने  दिए
शुरुआती दिनों में लोगों ने उनकी उम्र और कद-काठी को लेकर ताने भी दिए, लेकिन परिवार ने हौसला नहीं टूटने दिया। साल 2018 में पहली स्टेट चैंपियनशिप के फाइनल में हार के बाद अंकुश ने बॉक्सिंग छोड़ने का मन बना लिया था। उस समय पिता सुरेश कुमार और कोच प्रदीप सावंत ने उनका मनोबल बढ़ाया। इसके बाद अंकुश ने दोगुनी मेहनत की और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल करते हुए अब कॉमनवेल्थ गोल्ड जीत लिया। अंकुश प्रतिदिन सुबह करीब दो घंटे और शाम तीन घंटे अभ्यास करते हैं। उनकी ट्रेनिंग में फिटनेस, पंचिंग स्पीड, फुटवर्क और काउंटर अटैक पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उनका राइट स्ट्रेट और लेफ्ट हुक पंच उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।

अब लक्ष्य एशियन गेम्स है
कोच प्रदीप सावंत ने कहा कि गोल्ड जीतने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों के लिए पहले से रणनीति तैयार की गई थी। इंग्लैंड के मुक्केबाज के खिलाफ स्पीड और फुटवर्क पर फोकस किया गया, जिसका फायदा मिला। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य एशियन गेम्स है, जिसके लिए तैयारी शुरू होगी। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के लंबित कैश अवॉर्ड और स्कॉलरशिप को लेकर भी चिंता जताई।

PunjabKesari
बेटे ने पहले ही कहा था कि वह गोल्ड जीतकर लौटेगा
अंकुश की मां मुकेश देवी ने कहा कि पूरी रात परिवार ने मैच देखा। बेटे ने पहले ही कहा था कि वह गोल्ड जीतकर लौटेगा। उन्होंने बताया कि अंकुश रोज सुबह चार बजे उठकर अभ्यास के लिए जाता था और कभी ट्रेनिंग नहीं छोड़ी। उसकी डाइट में घर का बना खाना, दूध और दही ही शामिल रहता है। बेटे के स्वागत की तैयारी पूरे परिवार ने कर रखी है।

 PunjabKesari

उसने अपना वादा निभा दिया
पिता सुरेश कुमार ने कहा कि बेटे की जीत पर पूरे परिवार को गर्व है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं, इसलिए खेल का महत्व अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने ही अंकुश को टीम गेम की बजाय व्यक्तिगत खेल बॉक्सिंग चुनने की सलाह दी थी। सुरेश कुमार ने कहा कि अंकुश को शुरू से गोल्ड जीतने का पूरा विश्वास था और उसने अपना वादा निभा दिया। उन्होंने कहा कि अब कॉमनवेल्थ गोल्ड जीतने के बाद अब अंकुश पंघाल का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स है। कोच और परिवार को उम्मीद है कि वह इसी तरह देश के लिए आगे भी पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाएंगे।

 PunjabKesari

छोटे भाई से बॉक्सिंग की बारीकियां सीखते हूं
वही अंकुश के बड़े भाई अंकित जो स्वयं भी बॉक्सर हैं ने कहा कि भाई की जीत से पूरा गांव और परिवार बेहद खुश है। उन्होंने बताया कि दोनों एक ही खेल से जुड़े हैं, लेकिन अंकुश को बड़े मंचों पर खेलने के अवसर मिले, जिससे उनका खेल और निखर गया। अंकित ने कहा कि वह आज भी अपने छोटे भाई से बॉक्सिंग की बारीकियां सीखते हैं और उनके खेल में पिछले एक साल में जबरदस्त सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल जीतने के बाद उन्हें पूरा विश्वास हो गया था कि अंकुश गोल्ड जीतकर ही लौटेगा। अंकित ने अपना सपना भी साझा करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भी भारत के लिए खेलना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतना है।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!