Edited By Krishan Rana, Updated: 22 Oct, 2026 07:40 PM

हरियाणा के लिए यह गौरव का पल है, क्योंकि जींद जिले के गांव संगतपुरा की शूटर नीरू ढांडा को
जींद : हरियाणा के लिए यह गौरव का पल है, क्योंकि जींद जिले के गांव संगतपुरा की शूटर नीरू ढांडा को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए हरियाणा गौरव अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। 14 नवंबर को लंदन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हरियाणा इन यूके एसोसिएशन की ओर से यह सम्मान दिया जाएगा।
नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर देश और हरियाणा का नाम रोशन किया है। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए एसोसिएशन ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना है। एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप अहलावत के मुताबिक, पहलवान सुजीत कलकल को भी हरियाणा गौरव अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है। दोनों खिलाड़ियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है। हरियाणा की इन प्रतिभाओं पर प्रदेश को गर्व है।
ज्ञात हो कि एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा के जींद जिले के संगतपुरा गांव की बेटी नीरू ढांढा ने ट्रैप शूटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर देश को पांचवां गोल्ड मेडल दिलाया था। नीरू की इस उपलब्धि से उनके गांव संगतपुरा सहित पूरे जींद जिले में खुशी का माहौल था।
नीरू ढांढा एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से शूटिंग में पहचान बनाई। वर्ष 2019 में 12वीं कक्षा पास करने के बाद से ही नीरू ने खेलों में अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत की और आज अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)