Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 01 May, 2026 07:21 PM

निजी कंपनी में काम करने वाले तकनीशियन का रास्ता रोककर कार में अपहरण कर लेकर जाने और बेरहमी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): निजी कंपनी में काम करने वाले तकनीशियन का रास्ता रोककर कार में अपहरण कर लेकर जाने और बेरहमी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आधा दर्जन युवकों पर मारपीट करने का आरोप है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से फरीदाबाद के हनुमान नगर निवासी बबलू खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-52 स्थित एक निजी कंपनी में बतौर तकनीशियन कार्यरत हैं। 22 अप्रैल को रात साढ़े आठ बजे कंपनी से फरीदाबाद घर जाने के लिए कार से निकले थे। कंपनी के पास ही उनकी जबरन कार को रूकवाया गया और कार से नीचे उतार कर कंपनी के कर्मचारियों ने बेरहमी मारपीट की। उसके बाद दूसरी कार में जबरन बैठाकर कहीं दूर लेकर गए। वहां पर आरोपियों ने लोहे के पाने और लात-घूसों से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए,जब तक वह बेहोश न हो गए। उसके बाद आरोपी गंभीर हालत में उसकी गाड़ी के पास फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बबलू खान ने बताया कि कंपनी में ही काम करने वाले कुछ साथी कर्मचारी उनसे रंजिश रखते थे और उन्हें काम करने से रोक रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे मालिक का चमचा कहकर बुलाते थे और काम में कमियां निकालने का आरोप लगाकर रंजिश पाल रहे थे। उसी में उनके साथ मारपीट की गई। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही सभी नामजद और अज्ञात हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।