कुरुक्षेत्र में बाल विवाह का खौफनाक चेहरा, 16 वर्षीय नाबालिग लड़की बनी मां... पिता के खिलाफ केस दर्ज

Edited By Isha, Updated: 04 Jul, 2026 03:07 PM

16 year old minor girl becomes a mother

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक 16 वर्षीय किशोरी के मां बनने के बाद बाल विवाह का मामला उजागर हुआ है। अस्पताल में प्रसव के दौरान किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक 16 वर्षीय किशोरी के मां बनने के बाद बाल विवाह का मामला उजागर हुआ है। अस्पताल में प्रसव के दौरान किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर उसके पिता के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार किशोरी झांसा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसने बताया कि वह सातवीं कक्षा तक पढ़ी है। उसकी मां का करीब छह वर्ष पहले निधन हो चुका है और पिता मजदूरी करते हैं। परिवार में पांच बहनें और एक भाई हैं। घर पर उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था, जिसके चलते पिता ने 5 जनवरी 2025 को उसकी शादी कर दी। उस समय उसकी उम्र लगभग 15 वर्ष जबकि पति की उम्र करीब 17 वर्ष थी।

30 जून को प्रसव पीड़ा होने पर उसे पहले नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र रेफर किया गया। अस्पताल में उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में किशोरी के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि किशोरी की काउंसलिंग कराई जाएगी और उसके पति की उम्र सहित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। थाना झांसा के पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!