Edited By Harman, Updated: 18 Jul, 2026 01:08 PM

कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर से शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अंबाला जिले के नई निहारसी निवासी अभिजोत के रूप में हुई है। किशोर 15 जुलाई से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर...
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर से शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अंबाला जिले के नई निहारसी निवासी अभिजोत के रूप में हुई है। किशोर 15 जुलाई से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, अभिजोत 15 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे अपनी बाइक (HR-01AW-0658) पर घर से निकला था। उसने काले रंग की टी-शर्ट और कैपरी पहन रखी थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसकी अपने पिता निर्मल सिंह से मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह घर नहीं लौटा।
तलाश के दौरान उसकी बाइक नहर से करीब सात किलोमीटर दूर जंगल में लावारिस हालत में मिली। अगले दिन अंबाला के नग्गल थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शनिवार सुबह दबखेड़ी गांव के पास नहर में शव दिखाई देने की सूचना पर गोताखोर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अभिजोत के रूप में की।
मृतक के पिता निर्मल सिंह ने आरोप लगाया कि उनका बेटा 15 जुलाई को अपने कुछ दोस्तों के साथ जनसुई हेड की ओर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने आशंका जताई कि दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर शव नहर में फेंका है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।