Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 10 Mar, 2026 06:21 AM

सोमवार देर रात को बिलासपुर थाना एरिया की सिग्नेचर गलोबल की निर्माणाधीन सोसाइटी सिटी ऑफ कलर्स में मिट्टी ढहने से करीब एक दर्जन मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोमवार देर रात को बिलासपुर थाना एरिया की सिग्नेचर गलोबल की निर्माणाधीन सोसाइटी सिटी ऑफ कलर्स में मिट्टी ढहने से करीब एक दर्जन मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 7 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मिट्टी में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया जहां 7 मजदूरों को डॉक्टरों ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया। शेष को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम को उस वक्त हुई जब सोसाइटी में एसटीपी की खुदाई का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 30 फीट गहरा गड्डा खोदा गया था ताकि एसटीपी के पानी को स्टोर किया जा सके। इसके लिए सरिए भी लगाए गए थे, लेकिन खुदाई करते वक्त अचानक मिट्टी दब गई और उसमें मजदूर दब गए। देखते ही देखते चीख पुकार मच गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, सूचना मिलते ही जब मीडियाकर्मी भी यहां पहुंचे तो बिल्डर के बाउंसरों ने उन्हें सोसाइटी के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया।
पुलिस के मुताबिक, मिट्टी में दबे मजदूरों को जब अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने इंद्रजी सादा, भागीरथ, छोटे लाल, शिव शंकर, शिवकांत, मंगतरात सहित सात को मृत घोषित कर दिया जबकि शेष का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सभी मजदूर, हेल्पर, फिटर सहित अन्य पद पर कार्यरत हैं। इन सभी को भिवाड़ी, रेवाड़ी सहित आसपास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, बिलासपुर थाना प्रभारी का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन कर सभी मजदूरों को बाहर निकाला जा सका है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मिट्टी ढहने के साथ यहां दीवार भी गिरी है जिसके कारण यह मजदूर उसके नीचे दबे हैं। 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है, शेष अस्पताल में भर्ती हैं।