Edited By Isha, Updated: 24 Feb, 2026 10:07 AM

सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा अंबाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चौरमस्तपुर में एक दिवसीय निशुल्क स्पोर्ट्स मेडिसिन एवं मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
डेस्क: सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा अंबाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चौरमस्तपुर में एक दिवसीय निशुल्क स्पोर्ट्स मेडिसिन एवं मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को खेल से संबंधित चोटों तथा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
शिविर का शुभारंभ सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री यशपाल अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के युवा अधिकारी प्रथम बंसल तथा हरियाणा राज्य समन्वयक श्री विनोद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस विशेष चिकित्सा शिविर में पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ से आए दो वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मनोरोग विभाग से डॉ. असीम मेहरा (अतिरिक्त प्रोफेसर) ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर निशुल्क परामर्श दिया, जबकि ऑर्थोपेडिक्स विभाग से डॉ. हिमांशु भयाना (एसोसिएट प्रोफेसर) ने खेल चोटों, घुटने, कंधे, मांसपेशियों एवं जोड़ों के दर्द, पुनर्वास तथा फिजियोथेरेपी से संबंधित परामर्श दिया।
यह शिविर डॉ. संजीव सिद्धू, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ), सीएचसी चौरमस्तपुर के समन्वय से आयोजित किया गया। शिविर के दौरान कुल 3–4 ओपीडी संचालित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने लाभ उठाया।

इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक निशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। ट्रस्ट भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी चिकित्सा शिविरों का आयोजन करता रहेगा, जिससे खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट का यह प्रयास जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।