Edited By Yakeen Kumar, Updated: 02 Aug, 2025 08:13 PM

हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली के ट्रक कंडक्टर की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। फरीदाबाद में एनआईटी कालेज से बीटैक के टॉपर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली के ट्रक कंडक्टर की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। फरीदाबाद में एनआईटी कालेज से बीटैक के टॉपर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हालांकि मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी विवेक 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
रेवाड़ी के धारूहेड़ा में 29 जून को दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनोज की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। जो कि कंपनी के ट्रक पर कंडक्टर की जॉब करता था। पुलिस छानबीन में सामने आया कि जौनियावास गांव के 5-6 लोगों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है, जो शराब के नशे में थे। घटना के बाद से सभी लोग अपने घरों से फरार थे।
डीएसपी डा. रविंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने जौनियावास निवासी एक आरोपी विवेक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में खुलासा हुआ कि विवेक फरीदाबाद एनआइटी कॉलेज का बीटेक टॉपर है। जो रिश्ते में भाई लगने वाले दीपक के बुलाने पर घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचा था। दीपक बावल की एक नामी कंपनी में जॉब करता है।
महिलाओं को गाली देना विवाद की वजह
दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनोज ने घटना वाले दिन सुबह कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करवाने के बाद शराब पी। शराब के नशे में वह आसपास के एरिया में घूमता रहा। जिस दौरान वहां उसने महिलाओं के साथ गाली-गलौच किया। गाली-गलौच करने के बाद भी शाम तक उस एरिया में घूमता रहा।
कंपनी से घर आए तो महिलाओं ने बताया
हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले अधिकांश युवक कंपनी में जॉब करते हैं। जॉब से दोपहर बाद वे घर लौटे तो महिलाओं ने गाली देने वाले व्यक्ति के बारे में बताया। जिसके बाद आरोपियों ने मनोज की तलाश शुरू की। तलाश के बाद 6 आरोपी एक जगह इक्ट्ठा हुई और उसे पीटने की याेजना बनाई। मुख्य आरोपी दीपक ने सभी बुलाया। विवेक के पास भी फोन कर उसी ने बुलाया था।
विवेक को झूठ बोलकर बुलाया
पुलिस पूछताछ में विवेक ने खुलासा करते हुए बताया कि मेरे पास दीपक का फोन आया था, पहले उसने घर में चोर घुसने की बात कही। जिस पर मैंने टाल दिया तो उसने घर में युवक घुसने की बात कही और ताने मारे तो मैं मौके पर चला गया। वहां पहुंचा तो सभी मनोज को पीटना शुरू कर दिया। मैंने भी मनोज के साथ मारपीट की।
200 मीटर ही चल पाया मृतक
मारपीट के बाद दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनोज घटनास्थल से करीब 200 मीटर ही चल पाया। उसके बाद वह गिर गया। जिसके बाद वे घबरा गए और मौके से फरार हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि मनोज के शरीर पर 40 जगह इंजरी थी। इंटरनल ब्लीडिंग के कारण मनोज की मौत हो गई। डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि मर्डर में विवेक ने खुलासा किया है कि दीपक, अमित, देवेंद्र, देवीलाल, मानसिंह व राकेश ने मिलकर पूरी घटना को अंजाम दिया गया है। सभी लोगों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)