Edited By Gourav Chouhan, Updated: 05 Aug, 2022 03:58 PM

कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए चौटाला ने कहा कि देश में एक बार फिर से तीसरे मोर्चे के गठित होने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है, जब देश में न सिर्फ तीसरे मोर्चे का गठन होगा ,बल्कि हर हाल में परिस्थितियां बदलकर सत्ता...
झज्जर(दिनेश मेहरा): अदालत के आदेशों पर जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद इनेलो सुप्रीमो व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला झज्जर में इनेलो द्वारा बुढ़ापा पेंशन को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। शहर की अनाज मंडी में कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध स्वरूप दिए गए धरने में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए चौटाला ने कहा कि देश में एक बार फिर से तीसरे मोर्चे के गठित होने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है, जब देश में न सिर्फ तीसरे मोर्चे का गठन होगा ,बल्कि हर हाल में परिस्थितियां बदलकर सत्ता परिवर्तन होगा।
कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने पर भी बोले पूर्व मुख्यमंत्री
वहीं कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में जाने के पर ओपी चौटाला ने कहा कि देश व प्रदेश की राजनीति में कई स्वार्थी लोग हैं, जोकि समय-समय पर दल बदलने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अपने दल का साथ छोड़कर किसी दूसरे दल का दामन थामने वाले की हालत खराब ही रहती है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी स्वर्गीय चौ. देवीलाल की नीतियों में विश्वास रखती है। इनेलो का हर कदम गरीब, मेहनतकश और आम आदमी के हितों की रक्षा के लिए ही उठता है।
कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के बाद चौटाला धरना स्थल से ही अपने गंतव्य की ओर लौट गए। बाद में इनेलो के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के नेतृत्व में बुढ़ापा पेंशन कटौती को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए इनेलो कार्यकर्ता लघु सचिवालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)