Edited By Manisha rana, Updated: 18 Jun, 2025 02:07 PM

फास्टैग पर नितिन गडकरी ने बड़ा ऐलान किया है। सरकार 15 अगस्त से टोल प्लाजा पर पास की सुविधा शुरू करने जा रही है।
डेस्क : फास्टैग पर नितिन गडकरी ने बड़ा ऐलान किया है। सरकार 15 अगस्त से टोल प्लाजा पर पास की सुविधा शुरू करने जा रही है। इसके लिए लोगों को 3000 रुपए का पास बनवाना होगा जो एक साल या 200 यात्राओं के लिए वैलिड होगा। यह पास केवल निजी वाहनों (कार, जीप, वैन आदि) के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। यह सुविधा किसी भी कॉमर्शियल वाहन के लिए नहीं है। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी।

गडकरी ने अपने X पोस्ट में बताया कि महत्वपूर्ण घोषणा। एक ऐतिहासिक पहल के तहत, 15 अगस्त 2025 से ₹3,000 की कीमत वाला FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू किया जा है। यह पास सक्रिय होने की तिथि से एक वर्ष तक या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। यह पास केवल गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों (कार, जीप, वैन आदि) के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है और यह देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा को संभव बनाएगा। वार्षिक पास के सक्रियण / नवीनीकरण के लिए जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप और NHAI / MORTH की वेबसाइट्स पर एक अलग लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्रक्रिया सरल और सुगम होगी।
जानें क्या है FASTag
फास्टैग एक इलेक्ट्रॉनिक स्टिकर है। इसमें रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) चिप लगी होती है। इसे गाड़ी के विंडस्क्रीन पर चिपकाया जाता है। यह वाहन चालक के बैंक खाते या फास्टैग वॉलेट से अटैच होता है। फास्टैग की मदद से टोल प्लाजा पर बिना रुके टोल शुल्क का भुगतान किया जाता है। इससे समय और ईंधन (फ्यूल) की बचत होती है।