Edited By Manisha rana, Updated: 04 Apr, 2026 04:33 PM

यमुनानगर में खैर तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में खैर तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जाटोवाला गांव में की गई इस छापेमारी ने ना सिर्फ अवैध कारोबार की पोल खोली है, बल्कि परिवार के भीतर चल रहे इस नेटवर्क को भी बेनकाब कर दिया है। एक ही घर से लाखों की प्रतिबंधित खैर की लकड़ी बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग की टीमों ने जाटोवाला गांव में राकिब के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान घर से करीब बीस क्विंटल प्रतिबंधित खैर की लकड़ी बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। मौके से पुलिस ने राकिब, इरशाद और राहिल को गिरफ्तार किया, जो आपस में सगे भाई हैं। जांच में सामने आया है कि तीनों लंबे समय से जंगलों से खैर की लकड़ी चोरी कर उसकी तस्करी कर रहे थे और इस अवैध कारोबार से मोटी कमाई कर रहे थे।
तीनों से की जा रही पूछताछ
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से रिमांड पर लेकर अब गहन पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे मामले में एक बड़ा तस्करी गिरोह सक्रिय है और पूछताछ के दौरान कई और नामों का खुलासा हो सकता है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर खैर तस्करी का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। इससे पहले जगाधरी में भी एक गोदाम से भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है और आने वाले दिनों में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे संभव हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)