Edited By Isha, Updated: 05 Apr, 2026 01:39 PM

शाहपुर तगा गांव के युवक का विदेश में फंसे रहने के बाद करीब दो महीने बाद परिवार से संपर्क होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से कोई सूचना न मिलने के कारण परिवार गहरी चिंता में था। शाहपुर तगा निवासी 24
गन्नौर(कपिल): शाहपुर तगा गांव के युवक का विदेश में फंसे रहने के बाद करीब दो महीने बाद परिवार से संपर्क होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से कोई सूचना न मिलने के कारण परिवार गहरी चिंता में था। शाहपुर तगा निवासी 24 वर्षीय निखिल त्यागी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। उन्होंने 12वीं के बाद गुरुग्राम से प्रशिक्षण लेकर इस क्षेत्र में कदम रखा और करीब एक वर्ष पहले मुंबई से जहाज के जरिए विदेश रवाना हुए थे।
शुरुआत में वह कुवैत रूट पर कार्य कर रहे थे और परिवार से नियमित संपर्क में थे। परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले निखिल ने बताया था कि वह अपनी टीम के साथ ड्यूटी के लिए ईरान की ओर जा रहा है। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय तनाव बढ़ने के कारण उनका जहाज ईरान में ही फंस गया। हालात ऐसे बने कि जहाज करीब दो महीने तक वहीं रुका रहा और इस दौरान संचार व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। शनिवार को निखिल ने फोन कर परिवार को अपनी कुशलता की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जहाज पर करीब 14 सदस्य मौजूद हैं और सभी सीमित संसाधनों में रहकर समय बिता रहे थे। खाने-पीने में भी दिक्कतें आईं, लेकिन सभी ने धैर्य बनाए रखा। अब वे भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं। बेटे की आवाज सुनते ही परिवार भावुक हो उठा और गांव में भी राहत का माहौल बन गया। अब सभी उसके सुरक्षित घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।