Edited By Krishan Rana, Updated: 04 Apr, 2026 03:35 PM

टोहाना में बलिया वाला हेड के पास फतेहाबाद ब्रांच नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव
टोहाना (सुशील) : टोहाना में बलिया वाला हेड के पास फतेहाबाद ब्रांच नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बोरी में बंद मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नवजोत सिंह ढिल्लों और उनकी टीम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर नवजोत सिंह ढिल्लों की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक के हाथ पर फूल का निशान पाया गया। उसने नीले रंग का अंडरवियर, मेहंदी रंग की पैंट और चेकदार शर्ट पहन रखी थी। प्रथम दृष्टया शव एक से दो दिन पुराना लग रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक के पैरों को मोड़कर चौकड़ी मारकर बोरी में बंद किया गया था। बोरी को गांठड़ी बनाकर नहर में फेंका गया था। बोरी के अंदर कोयला और फूल भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि किसी ने शव को जल प्रवाह किया हो। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और एसएचओ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में डीएसपी भी शवगृह पहुंचकर शव का निरीक्षण करने पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। आसपास के सभी थानों और गोताखोरों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान या उसके बारे में कोई जानकारी है, तो वह तुरंत पुलिस प्रशासन या नवजोत सिंह ढिल्लों से संपर्क करे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)