Edited By Manisha rana, Updated: 05 Apr, 2026 08:34 AM

हरियाणा में बदले मौसम ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अप्रैल की रात से 8 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम तेजी से बदलेगा।
हरियाणा डेस्क: हरियाणा में बदले मौसम ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अप्रैल की रात से 8 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम तेजी से बदलेगा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, वहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 5 और 6 अप्रैल तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन इसके बाद अचानक बदलाव आएगा। बीते दिन हरियाणा में औसत न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम तापमान 16.8°C सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। हिसार और करनाल में 17.9°C, जबकि रोहतक में तापमान 19.6°C दर्ज हुआ।
भिवानी में रिकॉर्ड किया गया सबसे अधिक तापमान
प्रदेश में 4 अप्रैल को औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे रहा। सबसे अधिक तापमान 33.3°C भिवानी में रिकॉर्ड किया गया। अंबाला, हिसार, करनाल और गुरुग्राम समेत अधिकतर जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रहा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)