Edited By Manisha rana, Updated: 05 Aug, 2021 08:46 AM

सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में ठेके पर शराब खरीदने गए तीन युवकों में से एक युवक को गन प्वाइंट पर अगवा कर अज्ञात बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया...
गुडग़ांव (ब्यूरो) : सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में ठेके पर शराब खरीदने गए तीन युवकों में से एक युवक को गन प्वाइंट पर अगवा कर अज्ञात बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया। बदमाश गाड़ी समेत गाड़ी में बैठे युवक का मोबाइल और तीन हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। गाड़ी में बैठे युवक को बदमाशों ने फरीदाबाद के हार्डवेयर चौक पर गाड़ी से धक्का देकर बाहर फेंक दिया और खुद फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी तौफिक ने बताया कि वह बादशाहपुर स्थित कूलदीप कौशिक की लकड़ी की फैक्टरी में कारपेंटर का काम करता है और वहीं पर किराये पर रहता है। उसने बताया कि मंगलवार को उसका साला अरशद उसके पास आया था। तौफिक ने बताया कि उसका साला अरशद अपने पापा के किसी जानकार से गाड़ी लेकर उनके पास आया था। उसने बताया कि मंगलवार को तौफिक, उसका साला अरशद और दूसरा साला सोहिल घसोला गांव के मोड पर शराब लेने के लिए ठेके पर गए थे।
उन्होंने ठेके के सामने खाली जगह में गाड़ी खड़ी कर दी थी और अरशद और सोहिल शराब लेने ठेके पर चले गए थे। जबकि तौफिक गाड़ी के अंदर ही बैठा हुआ था। पुलिस को तौफिक ने बताया कि अचानक दो लड़के गाड़ी के अंदर घुस गए और एक लड़का ड्राइवर सीट पर बैठ गया, वहीं दूसरा लड़का उसके साथ पीछे सीट पर बैठ गया। जिसने तौफिक का मुंह अपने हाथ से दबा लिया व पिस्टल उसके मुंह पर लगा दी और दूसरे लड़के ने गाड़ी स्टार्ट कर वहां से भगा ली। तौफिक के अनुसार सौ मीटर आगे जाकर गाड़ी रोकी, जिसमें दो लड़के और बैठ गए।
उसके बाद उन युवकों ने 200 फूटा रोड से गुरुग्राम-फरीदाबाद टोल टेक्स से फरीदाबाद की तरफ गाड़ी ले ली। तौफिक ने बताया कि पीछे बैठे दो युवकों ने उसके साथ मार-पिटाई की और डराते धमकाते रहे। शोर मचाने पर गोली मारने की भी धमकी दी। तौफिक ने पुलिस को बताया कि उन बदमाशों ने उससे मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नगद भी छीन लिए। बदमाश उसे फरीदाबाद मे हार्डवेयर चौक के पास टाटा स्टील कंपनी के पास गाड़ी से नीचे धक्का मारकर गाड़ी लेकर फरार हो गए। तौफिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)