फरीदाबाद में गर्लफ्रेंड के विवाद में युवक ने खरीदा देसी कट्टा, दोस्त के बैग से कोर्ट में हुआ बरामद ; दोनों चढे़ पुलिस के हत्थे

Edited By Harman, Updated: 19 Sep, 2026 02:43 PM

young man bought weapons in dispute with girlfriend in faridabad

फरीदाबाद सोहना रोड स्थित एक निजी कॉलेज में गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद के बाद एक छात्र ने देसी कट्टा खरीद लिया।

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद सोहना रोड स्थित एक निजी कॉलेज में गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद के बाद एक छात्र ने देसी कट्टा खरीद लिया। कट्टा खरीदने के बाद उसने इसे अपने दोस्त अभिषेक खटाना को दे दिया। अभिषेक शुक्रवार को अपने भाई के साथ सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत पहुंचा। कोर्ट के गेट पर पुलिस की चेकिंग के दौरान उसके बैग से देसी कट्टा बरामद हो गया। पुलिस ने अभिषेक और उसके दोस्त वंश राठी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस हथियार बेचने वाले युवक की तलाश कर रही है।

लड़की को लेकर हुआ था झगड़ा

सेंट्रल थाना पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि नंगला पर्वतिया कॉलोनी निवासी वंश राठी सोहना रोड, पाली स्थित निजी कॉलेज में बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र है। कॉलेज में एक लड़की को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया था। इसी मामले को लेकर करीब तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद वंश राठी ने पृथला निवासी मनीष नाम के युवक से देसी कट्टा खरीदा। इसके बाद उसने कट्टा अपने दोस्त अभिषेक खटाना को दे दिया।

कोर्ट में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया

अभिषेक खटाना गुरुग्राम के गांव लाला खेड़ली का रहने वाला है और एमबीए का छात्र है। शुक्रवार को वह अपने भाई के साथ जिला अदालत पहुंचा था। उसके पास एक बैग था। कोर्ट के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर से बैग में संदिग्ध सामान होने का पता चला। पुलिसकर्मियों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें से देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद अभिषेक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने वंश राठी को भी गिरफ्तार कर लिया।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पकड़ा गया युवक

जिस समय अभिषेक कोर्ट परिसर में पहुंचा, उस दौरान नव-निर्वाचित बार काउंसिल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। समारोह के चलते कोर्ट परिसर में वकीलों और अन्य लोगों की भीड़ थी। इसी दौरान हथियार के साथ युवक के पकड़े जाने से कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं।

हथियार सप्लायर की तलाश

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सेंट्रल थाना में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है, जिसने वंश राठी को देसी कट्टा बेचा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कट्टा किस मकसद से खरीदा गया था और इसे लेकर दोनों आरोपियों की क्या योजना थी। मामले में क्राइम ब्रांच की टीम भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!