दिन में शादियों में वेटर, रात को लूटपाट...HSGMC के पूर्व सदस्य सतनाम सिंह से 2 लाख लूटने वाले 3 बदमाश हरिद्वार से गिरफ्तार

Edited By Isha, Updated: 10 Sep, 2026 12:36 PM

waiters at weddings by day robbers by night

कुरुक्षेत्र पुलिस की CIA-2 टीम ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के पूर्व सदस्य सतनाम सिंह से 2 लाख रुपए की लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र पुलिस की CIA-2 टीम ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के पूर्व सदस्य सतनाम सिंह से 2 लाख रुपए की लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कुरुक्षेत्र और कैथल में लूट की 6 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ अभी, आशीष उर्फ बिल्ला निवासी बलबेड़ा तथा अमित उर्फ अंकित निवासी हजवाना, जिला कैथल के रूप में हुई है।

दिन में शादी समारोहों में करते थे वेटर का काम

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी दिन के समय शादियों और अन्य पारिवारिक समारोहों में वेटर का काम करते थे। रात होते ही वे सुनसान हाईवे और सड़कों पर निकल जाते और राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे। वारदात के दौरान आरोपी तमंचे की बजाय बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सुए का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ऐसे सुए भी बरामद किए हैं।

सतनाम सिंह से लूटे थे 2 लाख रुपए

पुलिस के अनुसार 1 सितंबर की शाम HSGMC के पूर्व सदस्य सतनाम सिंह अपने मिस्त्री को 2 लाख रुपए देने के लिए बाइक पर जा रहे थे। गुहला-चीका रोड पर हुडा ग्राउंड के पास पहुंचने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। मौका मिलते ही आरोपियों ने सतनाम सिंह को रोककर 2 लाख रुपए लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने नुकीले सुए से हमला किया और उन्हें धक्का देकर फरार हो गए। हमले में सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे।

वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

वारदात के बाद पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा, जिसमें तीनों आरोपी बाइक पर भागते दिखाई दे रहे थे। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मोबाइल सर्विलांस की मदद से CIA-2 टीम हरिद्वार पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

भागने की कोशिश में अभिषेक के पैर में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक हरिद्वार से आरोपियों को कुरुक्षेत्र लाते समय गांव कड़ामी के पास अभिषेक ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया। इसके बाद उसने पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई की और भागने का प्रयास किया। आरोपी ने एक पुलिस कर्मचारी का हथियार छीनने की भी कोशिश की। पुलिस ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस कर्मचारी ने फायर किया। गोली अभिषेक के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने उसे मौके पर काबू कर उपचार के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया।

एक दिन पहले पुंडरी में भी की थी लूट

CIA-2 प्रभारी मंदीप सिंह के अनुसार आरोपियों ने पिहोवा में सतनाम सिंह से लूट करने से एक दिन पहले 31 अगस्त को कैथल के पुंडरी क्षेत्र में भी वारदात की थी। आरोपी पहले सुनसान स्थानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही राहगीरों को निशाना बनाते थे। विरोध करने वाले लोगों पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से हमला कर उन्हें घायल कर देते थे।

चोरी की बाइक से करते थे वारदात

पुलिस के अनुसार आरोपी लूट की वारदातों में चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। शादी समारोहों में वेटर का काम करने के दौरान उन्होंने बर्फ तोड़ने वाले सुए का इस्तेमाल करना सीखा था। बाद में इसी सुए को लूटपाट के दौरान हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने लगे। पुलिस ने आरोपियों से लूटे गए एलईडी, म्यूजिक सिस्टम और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

6 वारदातों का खुलासा, पूरी रकम की रिकवरी की मांग

सतनाम सिंह ने बताया कि उनसे 2 लाख रुपए की लूट हुई थी, लेकिन अभी तक 1 लाख 40 हजार रुपए की ही रिकवरी हुई है। उन्होंने आरोपियों से पूरी रकम बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों आरोपियों ने कुरुक्षेत्र और कैथल में छह वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब इन मामलों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदातों में आरोपियों के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। इसके साथ ही तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!